Last Updated:
Sunil Lahri Impressed By Ranbir Kapoor Ramayana : रामानंद सागर की ‘रामायण’ में लक्ष्मण बनकर घर-घर में पहचान बनाने वाले सुनील लहरी ने अब नई ‘रामायण’ पर अपनी राय रखी है. रणबीर कपूर और यश की फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसके सेट, लोकेशन और कलाकारों के काम की तारीफ की. खासतौर पर यश का रावण वाला किरदार उन्हें पसंद आया. लेकिन फिल्म में एक ऐसी बात भी रही, जो उन्हें अधूरी लगी.
नई दिल्ली. ‘रामायण’ की कहानी भारतीय दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है. यही वजह है कि जब भी इस पर कोई नई फिल्म या सीरीज बनती है तो उसकी तुलना रामानंद सागर की 1987 वाली ‘रामायण’ से होने लगती है. अब रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ को लेकर भी ऐसा ही हो रहा है. खास बात यह है कि एक बार फिर अपनी राय देने वाले कोई आम दर्शक नहीं, बल्कि पुराने ‘लक्ष्मण’ यानी सुनील लहरी हैं. उन्होंने फिल्म के कई पहलुओं की तारीफ की है और यश के रावण वाले अंदाज को भी पसंद किया. हालांकि, फिल्म में उन्हें एक बड़ी कमी भी महसूस हुई.
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में सुनील लहरी ने कहा कि रामानंद सागर की ‘रामायण’ को दर्शकों का जो प्यार 1987 में मिला था, वह आज भी कायम है. इस सीरीज को आए करीब 39 साल हो चुके हैं, लेकिन लोगों के मन में इसके लिए वही श्रद्धा और लगाव है. फाइल फोटो.
उनका मानना है कि उस दौर में बनाई गई रामायण लोगों के दिलों तक पहुंची थी. यही वजह है कि इतने साल बीतने के बाद भी दर्शक उसे याद करते हैं. उनके मुताबिक, किसी धार्मिक कहानी को लोगों से जोड़ने के लिए सिर्फ उसका अच्छा निर्माण काफी नहीं है, बल्कि उसमें भावनाओं और आध्यात्मिक जुड़ाव का होना भी जरूरी है. फोटो साभार-@sunil_lahri/Instagram
Add News18 as
Preferred Source on Google
सुनील लहरी ने नई ‘रामायण’ के तकनीकी पक्ष की तारीफ की. उन्हें फिल्म की सिनेमैटोग्राफी, लोकेशन और सेट काफी अच्छे लगे. उन्होंने कहा कि फिल्म में सभी कलाकारों ने अपनी भूमिकाओं के हिसाब से अच्छा काम किया है. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उन्हें फिल्म की रिसर्च और लेखन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, इसलिए वह उस पर कोई कॉमेंट नहीं करना चाहते. लेकिन एक्टिंग और फिल्म के विजुअल्स के मामले में उन्हें कोई बड़ी शिकायत नहीं है. फोटो साभार-@sunil_lahri/Instagram
सुनील लहरी को फिल्म में सबसे बड़ी कमी भगवान राम और रावण के किरदारों के बीच नजर आई. उनका कहना है कि रामायण में भगवान राम और रावण के व्यक्तित्व के बीच एक बड़ा अंतर होना चाहिए. राम जहां त्याग, मर्यादा और अच्छाई के प्रतीक हैं, वहीं रावण ताकत और अहंकार का प्रतिनिधित्व करता है. उन्होंने कहा कि फिल्म देखते समय उन्हें यह अंतर उतना साफ नजर नहीं आया. पर्दे पर रावण का किरदार ज्यादा ताकतवर और प्रभावशाली दिखाई दिया, जबकि भगवान राम के किरदार में वह दिव्यता नजर नहीं आई, जिसकी उम्मीद थी. उन्होंने आगे कहा कि भगवान राम ने मानवता के लिए बहुत महान काम किए हैं. ऐसे में उनके व्यक्तित्व की आध्यात्मिक छवि फिल्म में उभरकर सामने आनी चाहिए थी. फाइल फोटो.
फिल्म में यश ने रावण का किरदार निभाया है. सुनील लहरी ने उनकी एक्टिंग की खास तौर पर तारीफ की. उन्होंने कहा कि यश ने रावण के रोल में बहुत अच्छा काम किया है. बाकी कलाकारों ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है. उन्हें किसी भी कलाकार के अभिनय से शिकायत नहीं है. उन्होंने कहा कि फिल्म में कुछ ऐसा जरूर था, जिसकी कमी उन्हें लगातार महसूस हुई. वह चीज थी कहानी का आध्यात्मिक जुड़ाव और किरदारों की सही पहचान.
सुनील लहरी का मानना है कि रामायण जैसी कहानी में किरदारों का सही चित्रण और आध्यात्मिक भाव बहुत जरूरी हैं. दर्शक इस कहानी से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं. इसलिए फिल्म बनाते समय इन बातों का खास ध्यान रखा जाना चाहिए. फाइल फोटो.
अपनी राय रखने के बावजूद सुनील लहरी ने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी फिल्म के निर्माण में बहुत से लोगों की मेहनत लगी होती है. उससे कई लोगों का रोजगार भी जुड़ा होता है. इसलिए दर्शकों को सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखनी चाहिए. फोटो साभार-@sunil_lahri/Instagram