नई दिल्ली. बासमती चावल बेचने वाली भारतीय कंपनी एलटी फूड्स लिमिटेड (LTFA) अब अमेरिका के पैकेज्ड फूड मार्केट में अपना दबदबा बढ़ाने जा रही है. CNBC आवाज की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक-एलटी फूड्स अमेरिका की मशहूर पैकेज्ड फूड कंपनी MK फूड्स होल्डिंग्स की सब्सिडियरी मया कैमल फूड्स को खरीदने जा रही है. यह सौदा करीब 48 करोड़ रुपये में हुआ है. कंपनी ने बुधवार को BSE और NSE को इसके बारे में बताया. ये भी बताया कि पूरा पेपरवर्क हो चुका है.
सबसे खास बात, यह पूरी डील कैश-फ्री और डेट-फ्री यानी बिना किसी कर्ज के हो रही है. LTFA इस 58 लाख डॉलर की डील का पूरा पेमेंट कैश में करेगी. यानी भारतीय कंपनी पर एक रुपये का भी कर्ज नहीं आएगा. इस अधिग्रहण के तहत नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे बल्कि 0.01 डॉलर की फेस वैल्यू वाले 319532.28 कॉमन स्टॉक शेयर खरीदे जाएंगे. एलटी फूड्स लिमिटेड ने कुछ पक्षों के साथ एक अर्नआउट एग्रीमेंट भी किया है. इसका मतलब है कि अधिग्रहण के बाद अगर अमेरिकी कंपनी की बिक्री और प्रदर्शन अच्छा रहता है तो तय शर्तों के मुताबिक कुछ अतिरिक्त भुगतान भी किया जा सकता है.
कौन है MK फूड्स और क्या है मया कैमल
MK फूड्स अमेरिका की एक जानी-मानी ब्रांडेड पैकेज्ड फूड कंपनी है. यह अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी मया कैमल फूड्स एलएलसी के जरिए मया कैमल ब्रांड नाम से प्रोडक्ट बेचती है. यह ब्रांड मुख्य रूप से भारतीय स्वाद से प्रेरित उत्पाद बनाता है, जिनमें प्रीमियम शेल्फ-स्टेबल सॉस, रेडी-टू-ईट करी और चावल के प्रोडक्ट शामिल हैं. मया कैमल अमेरिका में काफी लोकप्रिय और अग्रणी ब्रांड माना जाता है, जिसकी बिक्री मुख्य रूप से अमेरिका में ही होती है.
लगातार बढ़ रही है मया कैमल की कमाई
31 दिसंबर 2024: 15.4 मिलियन डॉलर
31 दिसंबर 2025: 15.5 मिलियन डॉलर
30 सितंबर 2026 (समाप्त 12 महीने): 17.9 मिलियन डॉलर
एलटी फूड्स ने क्यों खरीदी यह कंपनी?
एलटी फूड्स का कहना है कि यह अधिग्रहण उसकी ग्रोथ स्ट्रेटजी का हिस्सा है. इससे कंपनी को रेडी-टू-ईट, रेडी-टू-कुक और रेडी-टू-हीट वाले बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिलेगी. इस डील से एलटी फूड्स को अमेरिका में एक बना-बनाया कंज्यूमर ब्रांड मया कैमल मिल जाएगा, जिसका सॉस और रेडी-टू-ईट भोजन का अच्छा पोर्टफोलियो है. इससे एलटी फूड्स के मौजूदा कारोबार को भी सपोर्ट मिलेगा.
3 महीने में पूरी होगी डील
कंपनी को उम्मीद है कि यह अधिग्रहण प्रक्रिया अगले 3 महीनों के भीतर पूरी हो जाएगी. सबसे अच्छी बात यह है कि इस डील के लिए किसी सरकारी या रेगुलेटरी मंजूरी की जरूरत नहीं है. एलटी फूड्स के बोर्ड ने 27 अक्टूबर 2026 को ही इस सौदे को मंजूरी दे दी थी, और 17 नवंबर 2026 को SPA पर हस्ताक्षर किए गए.
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि यह सौदा सामान्य कारोबारी प्रक्रिया का हिस्सा है और बिकने वाली कंपनी का एलटी फूड्स के प्रमोटर्स या समूह से पहले से कोई संबंध नहीं है. डील पूरी होने के बाद MK फूड्स और मया कैमल दोनों एलटी फूड्स की सब्सिडियरी कंपनियां बन जाएंगी.