बस्तर के युवा के हुनर का कमाल, लकड़ी के दरवाजे, नेम प्लेट और मूर्तियों की देश-विदेश में डिमांड

बस्तर के युवा के हुनर का कमाल, लकड़ी के दरवाजे, नेम प्लेट और मूर्तियों की देश-विदेश में डिमांड


Last Updated:

Graphic Designer Pratik Singh: बस्तर के जगदलपुर के रहने वाले प्रतीक सिंह मंडल लकड़ियों पर आकर्षक कलाकृतियां उकेर रहे हैं. उनके बनाए उत्पादों की मांग स्थानीय बाजारों के साथ विदेशों में भी है.

Graphic Designer Pratik Singh: बस्तर के जगदलपुर के रहने वाले युवा प्रतीक सिंह मंडल अपनी कला और हुनर से लकड़ियों को आकर्षक कलाकृतियों में बदल रहे हैं. उनके बनाए गए उत्पादों की मांग स्थानीय बाजारों के साथ-साथ विदेशों में भी है और कई सरकारी कार्यालयों में भी उनके डिजाइन देखने को मिलते हैं.

कब से शुरू किया खुद का बिजनेस
बस्तर जिले के जगदलपुर में लकड़ी की नक्काशी का काम कर रहे प्रतीक सिंह मंडल पिछले पांच साल से इस कला से जुड़े हुए हैं. उन्होंने हैदराबाद से ग्राफिक डिजाइनिंग की पढ़ाई की है, लेकिन उस क्षेत्र में मन न लगने पर उन्होंने अपने डिजाइनिंग के विचारों का उपयोग लकड़ी की नक्काशी में करना शुरू कर दिया. सरकार से लोन लेकर उन्होंने खुद का बिजनेस शुरू किया और आज वे विभिन्न प्रकार की मूर्तियां, नेम प्लेट और दरवाजे पर नक्काशी का काम कर रहे हैं.

काम करने की शैली
प्रतीक सिंह मंडल बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही लकड़ी की कलाकृतियां बनाने में गहरी रुचि थी, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण वे दूसरे कामों में व्यस्त थे. शुरुआत के तीन साल तक उन्होंने पूरी तरह से हाथों से नक्काशी का काम किया, लेकिन अब वे मशीन की सहायता से काम करते हैं. वे सबसे पहले कंप्यूटर पर डिजाइन तैयार करते हैं और इसके लिए अपने ग्राहकों से पहले चर्चा भी करते हैं.

उत्पाद और मांग
प्रतीक द्वारा बनाए जाने वाले उत्पादों में लकड़ी के खिलौने, नेम प्लेट, चाय-कॉफी रखने के सामान और विभिन्न मूर्तियां शामिल हैं. स्थानीय बाजार में दरवाजों पर की जाने वाली नक्काशी की सबसे अधिक मांग है. एक दरवाजे पर कलाकृति तैयार करने में दो से तीन दिन का समय लगता है, जिसे वे मशीन की मदद से पूरा करते हैं.

कम कीमत और समय
वे लकड़ी के एक नेम प्लेट को तैयार करने में करीब 6 घंटे का समय लेते हैं और इसके लिए 3,000 से 5,000 रुपये तक चार्ज करते हैं. उनके द्वारा बनाए गए उत्पाद स्थानीय बाजारों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यमों से भी बेचे जाते हैं, जिनकी पहुंच विदेशों तक भी है.



Source link