दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का होगा मेकओवर, 2711 करोड़ खर्च करेगी सरकार, लेकिन क्‍या-क्‍या होगा

दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का होगा मेकओवर, 2711 करोड़ खर्च करेगी सरकार, लेकिन क्‍या-क्‍या होगा


नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने द‍िल्‍ली वालों के ल‍िए बड़ी सौगात दी है. इतना ही नहीं, मुसाफ‍िरों का भी अनुभव पूरी तरह बदलने वाला है. सरकार ने द‍िल्‍ली के 13 रेलवे स्‍टेशनों के मेकओवर का ऐलान क‍िया है. इन्‍हें वर्ल्‍ड क्‍लास का बनाया जाएगा, जहां एयरपोर्ट जैसी सारी सुव‍िधाएं होंगी. सरकार ने इसके ल‍िए 2711 करोड़ रुपये का बजट मंजूर क‍िया है. सरकार ने ये भी बताया क‍ि दिल्ली में 8976 करोड़ रुपये की बड़ी रेलवे परियोजनाओं पर पहले से ही काम चल रहा है.

अमृत भारत स्टेशन स्‍कीम के तहत इन 13 प्रमुख रेलवे स्टेशनों के कायापलट की तैयारी है. इन स्टेशनों में नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर स्टेशन शामिल हैं.

क्या-क्या मिलेंगी नई सुविधाएं?

इन 13 स्टेशनों पर यात्रियों को एकदम आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. पुराने स्टेशन भवनों की जगह नई और शानदार इमारतें बनेंगी. आराम करने के लिए शानदार वेटिंग रूम, नई लिफ्ट, एस्केलेटर और बड़े फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे. इसके अलावा, बड़ी पार्किंग, साफ-सुथरे शौचालय, पीने के पानी की बेहतर व्यवस्था और दिव्यांग यात्रियों के लिए खास सहूलियतें दी जाएंगी.

नई दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशन पर काम तेज

देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक नई दिल्ली स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ यात्रियों के रुकने की जगह बनकर तैयार हो गई है. यहां डबल बेसमेंट और एक एलिवेटेड रोड बनाने का काम भी तेजी से शुरू हो गया है. वहीं, हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर सराय काले खां की तरफ एक शानदार सेकेंडरी एंट्री गेट बनाया जा रहा है. यहां भी टिकट काउंटर, एस्केलेटर और फुट ओवरब्रिज को बड़ा किया जा रहा है.

सफदरजंग और बिजवासन में इमारतें तैयार

दिल्ली कैंट स्टेशन पर एक बिल्कुल नया स्टेशन भवन और एलिवेटेड रोड बन रही है. सफदरजंग स्टेशन की नई बिल्डिंग और सिग्नल-टेलीकॉम भवन बनकर तैयार भी हो चुके हैं. इसी तरह बिजवासन स्टेशन के भवन का स्ट्रक्चर पूरा हो चुका है.

नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से नया सफर

स्टेशनों के विकास के साथ-साथ ट्रेनों को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है. हाल ही में नई दिल्ली से वाराणसी के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की गई है. यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर और प्रयागराज होते हुए वाराणसी तक का शानदार सफर कराएगी. इसमें ऑटोमैटिक दरवाजे, सुरक्षा के लिए कवच सिस्टम और आरामदायक स्लीपर बर्थ जैसी बेहतरीन सुविधाएं दी गई हैं.

टूरिज्म और बिजनेस दोनों में आएगा उछाल

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि स्टेशनों के इस आधुनिक रूप और नई ट्रेनों से न सिर्फ यात्रियों का सफर आसान होगा, बल्कि दिल्ली और यूपी के बीच बिजनेस और धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा फायदा मिलेगा. केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत लगा रही हैं.



Source link