चंद घंटे पहले IPL टीम ने निकाला, बदले की आग में बेन डकेट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ठोक डाले 133 रन

चंद घंटे पहले IPL टीम ने निकाला, बदले की आग में बेन डकेट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ठोक डाले 133 रन


होमखेलक्रिकेट

चंद घंटे पहले IPL टीम ने निकाला, बदले की आग में बेन डकेट ने ठोक डाले 133 रन

Last Updated:

Ben Duckett century vs Australia: दो करोड़ के बेस प्राइस में दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े इंग्लिश ओपनर बेन डकेट को फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2027 की रिटेंशन डेडलाइन से पहले नौ खिलाड़ियों के साथ बाहर का रास्ता दिखा दिया था. अब डकेट ने अपनी शानदार फॉर्म का परिचय देते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में 133 रन की शानदार पारी खेली, जो उनका पिछले पांच वनडे में तीसरा शतक है.

Zoom

बेन डकेट का शानदार फॉर्म तीसरे वनडे में भी जारी रहा.

होबार्ट: आईपीएल रिटेंशन डेडलाइन के आखिरी दिन 17 नवंबर को दिल्ली कैपिटल्स ने जिन नौ खिलाड़ियों को रीलिज किया, बेन डकेट उन्हीं में से एक थे. अब दिल्ली की टीम से निकाले जाने के 12 घंटे के भीतर-भीतर इस लेफ्ट हैंड इंग्लिश ओपनर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में 133 रन की शानदार पारी ठोक डाली. डकेट ने 115 गेंद में 15 चौके और तीन छक्के ठोकते हुए ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली. बेन डकेट को दिल्ली ने 2026 के ऑक्शन में दो करोड़ के ब्रेस प्राइस में खरीदा था.

पिछले पांच मैच में तीसरा वनडे शतक
बेन डकेट इतनी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं कि पिछली पांच वनडे पारियों में यह उनका तीसरा शतक था. इससे पहले पाकिस्तान में हुई त्रिकोणीय वनडे सीरीज में भी उन्होंने मेजबान पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ क्रमश: 105 और 167 रन की पारी खेली थी.

डकेट के अलावा विल जैक्स की फिफ्टी
मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लेते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 325 रन बनाए. बेन डकेट के 133 रन के अलावा टॉम बेंटन (44) और विल जैक्स ने अर्धशतकीय पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया के लिए ज्यादातर विकेट उनके पार्ट टाइम बॉलर्स ने ही लिए. मैट रेनशॉ के खाते में सबसे ज्यादा तीन विकेट आए जबकि जैक एडवर्ड्स ने दो तो कूपर कोनोली और ट्रेविस हेड ने एक-एक सफलता हासिल की.

स्टार्स समेत दिल्ली ने बाहर किए कई बड़े नाम
दिल्ली कैपिटल्स ने 2027 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के लिए अगले महीने गोवा में होने वाले मिनी-ऑक्शन से पहले 16 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और 9 खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है. रिलीज किए गए खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी शामिल हैं, उन्होंने वर्कलोड का हवाला देते हुए फ्रेंचाइजी और BCCI को बता दिया था कि वे इस टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. रिलीज किए गए खिलाड़ी: नीतीश राणा, अभिषेक पोरेल, पथुम निसंका, बेन डकेट, करुण नायर, साहिल पारख, दुष्मंथा चमीरा, रेहान अहमद, मिचेल स्टार्क और अजय मंडल

वनडे सीरीज के बाद पांच मैच की टी-20 श्रृंखला
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई इंग्लिश टीम ने पर्थ में खेला गया पहला वनडे गंवा दिया था, लेकिन एडिलेड में 135 रन से मैदान मारते हुए शानदार वापसी की थी. अब तीसरा वनडे निर्णायक है, इसके बाद पांच मैच की टी-20 सीरीज भी खेली जानी है, जिसकी शुरुआत 21 नवंबर से मेलबर्न में होगी.



Source link