Last Updated:
Chandrashekhar Azad News: आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की मुश्किलें बढ़ गई हैं. गाजियाबाद की MP-MLA कोर्ट ने 2018 के मारपीट के मामले में पेश न होने पर उनके घर की कुर्की का नोटिस जारी किया है. 17 नवंबर को कोर्ट में आरोप तय होने थे, लेकिन चंद्रशेखर आजाद मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के चलते पेश नहीं हो सके.
सांसद चंद्रशेखर आजाद
गाजियाबाद: आजाद समाज पार्टी (ASP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. गाजियाबाद की MP-MLA कोर्ट ने 2018 के मारपीट के एक मामले में कोर्ट में पेश न होने पर उनके घर की कुर्की का नोटिस जारी कर दिया गया है. 17 नवंबर को मामले में आरोप तय होने थे, लेकिन चंद्रशेखर आजाद मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के कारण अदालत में पेश नहीं हो सके. अब इस मामले में अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी. वहीं, कोर्ट के आदेश पर चंद्रशेखर आजाद ने राजनीतिक गठबंधन का हवाला देते हुए सरकार पर निशाना साधा है.
दरअसल, साल 2018 में गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में मारपीट के मामले में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था. इस मामले में भीम आर्मी के प्रमुख रहे चंद्रशेखर आजाद को भी आरोपी बनाया गया था. इसी केस की सुनवाई गाजियाबाद की MP-MLA कोर्ट में चल रही है. 17 नवंबर को अदालत में मामले में आरोप तय किए जाने की तारीख निर्धारित थी. हालांकि, चंद्रशेखर आजाद उस दिन कोर्ट में पेश नहीं हो सके. बताया गया कि वह पहले से निर्धारित संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र के मुंबई में थे.
अधिवक्ता ने कोर्ट में दिया था प्रार्थना पत्र
चंद्रशेखर आजाद की ओर से उनके अधिवक्ता चांद आलम ने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था. इसमें सांसद के मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने की जानकारी देते हुए अगली तारीख पर अदालत में उपस्थित होने की अनुमति मांगी गई थी. इसके बावजूद कोर्ट ने चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का नोटिस जारी कर दिया गया है. अब इस मामले में 8 दिसंबर को अगली सुनवाई होनी है.
चंद्रशेखर आजाद ने सरकार पर साधा निशाना
कोर्ट के आदेश के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि AIMIM और आजाद समाज पार्टी के बीच हुए गठबंधन से सरकार बौखला गई है. इसी वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है. चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि 17 नवंबर को वह किसी निजी कार्यक्रम में नहीं, बल्कि पहले से निर्धारित संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र में थे. उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत को इसकी जानकारी भी दी थी.