UKSSSC Police Constable Recruitment 2026: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने पुलिस कांस्टेबल और अन्य पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1,694 पदों को भरा जाएगा. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे. आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है.
आयोग ने 17 नवंबर 2026 को विज्ञापन संख्या 84/2026 के तहत भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया है. इसमें पदों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मानक और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई है. आयोग के अनुसार, लिखित परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से 4 अप्रैल 2027 को किया जाएगा.
1694 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती के तहत उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग, कारागार प्रशासन और अन्य विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी. पदों का विवरण इस प्रकार है-
– जिला पुलिस कांस्टेबल (पुरुष): 464 पद
– PAC/IRB कांस्टेबल (पुरुष): 284 पद
– जिला पुलिस कांस्टेबल (महिला): 238 पद
– फायरमैन: 201 पद
– वन आरक्षी: 171 पद
– स्पेशल टाइगर गार्ड: 75 पद
– जेल वार्डर: 117 पद
– महिला जेल वार्डर: 27 पद
– सचिवालय गार्ड: 54 पद
– आबकारी सिपाही: 45 पद
– परिवहन आरक्षी: 18 पद
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए उम्मीदवार का इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना जरूरी है. उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के अलावा यूपी बोर्ड या सरकार से मान्यता प्राप्त समकक्ष बोर्ड से 12वीं पास अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी.
क्या है चयन प्रक्रिया?
उम्मीदवारों का चयन चार चरणों में किया जाएगा. पहले चरण में शारीरिक मानक परीक्षा (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) होगी. इसके बाद लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण आयोजित किया जाएगा.
लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी. इसमें सामान्य हिंदी के 20 अंक, सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन के 40 अंक और उत्तराखंड सामान्य ज्ञान के 40 अंक निर्धारित हैं. परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी और गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी.