अलवर पंचायत चुनाव | सरपंच बन रहे हो, प्रधानमंत्री नहीं, अलवर में DSP ने ग्रामीणों को क्यों लगाई फटकार?

अलवर पंचायत चुनाव | सरपंच बन रहे हो, प्रधानमंत्री नहीं, अलवर में DSP ने ग्रामीणों को क्यों लगाई फटकार?


Last Updated:

Alwar Panchayat Election Dispute DSP Lalchand Yadav : अलवर जिले के काली पहाड़ी क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान तीन गांवों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति बन गई. हालात संभालने पहुंचे डीएसपी लालचंद यादव ने ग्रामीणों और प्रत्याशियों को चेतावनी दी कि सरपंच का चुनाव जीतने के लिए कानून हाथ में न लें. उन्होंने मतदान केंद्र और मतगणना स्थल पर अनावश्यक भीड़ जमा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही.

Zoom

सरपंची के चुनाव में किस बात पर भड़के DSP? वीडियो में ग्रामीणों को दी सख्त चेतावनी

अलवर. अलवर में पंचायत चुनाव के दौरान सरपंच बनने की होड़ में कुछ लोगों का जोश इस कदर बढ़ा कि गांवों में तनाव की स्थिति बन गई. तीन गांवों के बीच आपसी विवाद के बाद हालात संभालने के लिए पुलिस को भारी बल तैनात करना पड़ा. मौके पर पहुंचे डीएसपी लालचंद यादव ने ग्रामीणों और चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को जमकर फटकार लगाई.

उन्होंने दो टूक कहा- सरपंच बन रहे हो, भारत के प्रधानमंत्री नहीं. चुनाव के नाम पर रौब दिखाने और कानून हाथ में लेने की कोशिश की तो सीधे मुकदमा दर्ज होगा. इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. इसमें डीएसपी लालचंद यादव ग्रामीणों को समझाते और सख्त लहजे में चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं. उनका यह अंदाज अब चर्चा में है.

तीन गांवों के बीच विवाद के बाद पहुंचा पुलिस बल
मामला अलवर जिले के काली पहाड़ी क्षेत्र का है. यहां पंचायत चुनाव के दौरान तीन गांवों के बीच आपसी विवाद और तनाव की स्थिति बन गई. मामला बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन को मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. हालात को नियंत्रित करने पहुंचे डीएसपी लालचंद यादव ने दोनों पक्षों के लोगों से बात की. उन्होंने ग्रामीणों और चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों को साफ शब्दों में समझाया कि पंचायत चुनाव कोई ऐसी लड़ाई नहीं है, जिसमें जीत के लिए गांव का माहौल खराब किया जाए. डीएसपी ने कहा कि पंचायत चुनाव होते रहेंगे. जिले में करीब 100 पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं. यह कोई अकेले किसी एक प्रत्याशी का चुनाव नहीं है. उन्होंने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा, “तुम सरपंच बनकर भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन रहे हो.”

मतदान केंद्र और काउंटिंग स्थल पर भीड़ लगाने वालों को चेतावनी
डीएसपी लालचंद यादव ने मतदान केंद्र और मतगणना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा करने वालों को भी चेताया. उन्होंने कहा कि जिसे वोट देना है या जो अधिकृत व्यक्ति है, वही निर्धारित स्थान पर रहे. बाकी लोग अपने घर चले जाएं. उन्होंने साफ किया कि चुनाव में किसी को भी दबाव बनाने, रौब दिखाने या माहौल बिगाड़ने की छूट नहीं दी जाएगी. अगर कोई व्यक्ति बिना वजह भीड़ लगाता है या दूसरे लोगों को परेशान करता है तो उसके खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाएगा. डीएसपी ने यह भी कहा कि किसी को जंगलराज जैसी स्थिति पैदा करने की इजाजत नहीं दी जा सकती. चुनाव जीतने के लिए कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. उनके मुताबिक, कानून हाथ में लेने वाले लोगों के नाम दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

ग्रामीणों को निष्पक्ष चुनाव कराने का भरोसा
मौके पर मौजूद ग्रामीणों और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद डीएसपी ने भरोसा दिलाया कि पंचायत चुनाव की मतगणना और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से कराई जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की जिम्मेदारी निष्पक्ष चुनाव कराना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है. दरअसल, सरपंच का चुनाव गांव की जिम्मेदारी संभालने के लिए होता है, न कि किसी पर दबाव बनाने या अपना रौब दिखाने के लिए. पुलिस का संदेश भी यही था कि चुनाव में जीत-हार होती रहती है, लेकिन इसके लिए गांव का माहौल खराब करना ठीक नहीं है. डीएसपी लालचंद यादव का ग्रामीणों को दिया गया यह संदेश अब सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के कारण चर्चा में है. पुलिस ने साफ कर दिया है कि चुनावी माहौल में किसी ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



Source link