NSA Net Crisis : अमेरिका की जासूसी एजेंसी पर सबसे बड़ा अटैक? खुफिया नेटवर्क ठप, तकनीकी गड़बड़ी या कुछ और

NSA Net Crisis : अमेरिका की जासूसी एजेंसी पर सबसे बड़ा अटैक? खुफिया नेटवर्क ठप, तकनीकी गड़बड़ी या कुछ और


अमेरिका की सबसे ताकतवर खुफिया संस्था, नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA), इस वक्त एक भारी मुसीबत में फंसी हुई है. खबर है कि एजेंसी का वो हाइली-क्लासिफाइड आंतरिक नेटवर्क, जिसका इस्तेमाल कर्मचारी आपस में बेहद सेंसेटिव इंफॉर्मेशन शेयर करने के लिए करते हैं, पूरी तरह से ठप हो गया है. इस नेटवर्क को ‘NSA Net’ के नाम से जाना जाता है. इस घटना ने अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था में एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. क्या ये किसी विदेशी हैकर ग्रुप या दुश्मन देश की साइबर सेंधमारी है?

कैसे ठप हुआ US NSA का कम्युनीकेशन नेटवर्क?

अभी तक की जानकारी के अनुसार, राहत की बात सिर्फ इतनी है कि इसके पीछे किसी साइबर हमले या हैकिंग की कोशिश का कोई सीधा सबूत नहीं मिला है. अधिकारियों का मानना है कि ये किसी तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा हो सकता है, न कि किसी बाहरी हमले का. लेकिन, जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, किसी भी संभावना को पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता.

एजेंसी के कामकाज पर पड़ा बड़ा असर

इस तकनीकी खराबी की वजह से NSA का सामान्य कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है. हालात इतने गंभीर हैं कि एजेंसी ने अपने कर्मचारियों के ऑफिस आने के समय में बदलाव कर दिया है. कर्मचारियों को ‘स्टैगर्ड अराइवल्स’ यानी अलग-अलग समय पर आने का निर्देश दिया गया है, ताकि दफ्तर में भीड़ न हो और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके, साथ ही ये भी एक उपाय है ताकि अगर समस्या कोई वायरस से संबंधित हो तो वो कम से कम सिस्टम्स तक फैले.

क्या ये कोई साइबर हमला है या चीन-ईरान का हाथ?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा था कि क्या इसके पीछे किसी दुश्मन देश या शातिर हैकर ग्रुप का हाथ है? क्या किसी विदेशी ताकत ने अमेरिका की इस खुफिया रीढ़ पर साइबर हमला कर दिया है? क्या इसके पीछे चीन या ईरान जैसे देशों का हाथ हो सकता है?

NSA के इस खुफिया नेटवर्क के ठप होने के मामले में अभी तक चीन या ईरान जैसे किसी भी देश का आधिकारिक तौर पर हाथ होने की पुष्टि नहीं हुई है. शुरुआती रिपोर्ट्स और सूत्रों के अनुसार, इस डिस्टर्बेंस के पीछे किसी साइबर हमले का कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिला है. हालांकि, जांच अभी भी चल रही है, इसलिए किसी भी विदेशी देश या एजेंसी के शामिल होने पर आधिकारिक रूप से कुछ भी कहनाजल्दबाजी होगी. अधिकारियों का मानना है कि ये किसी सॉफ्टवेयर गड़बड़ी का नतीजा हो सकता है, लेकिन फिर भी हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.

अमेरिका में टेक ग्लिच ने मचाया है भारी हड़कंप

ये घटना केवल एक अकेली तकनीकी समस्या नहीं है, बल्कि पिछले कुछ दिनों में अमेरिका के भीतर डिजिटल सिस्टम में जिस तरह की मुसीबतें देखने को मिली हैं, उसने पूरे देश की नींद उड़ा दी है. इस एक हफ्ते के भीतर अमेरिका को एक के बाद एक कई बड़े तकनीकी झटके लगे हैं, जिसने देश के डिजिटल ढांचे को हिलाकर रख दिया है.

  • माइक्रोसॉफ्ट सेवाएं ठप: हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवाओं में भारी डिस्टर्बेंस आया, जिससे दुनियाभर के साथ-साथ अमेरिका में भी सरकारी और निजी दफ्तरों का कामकाज घंटों ठप रहा.
  • उड़ानों का एटीसी टेलीकम्युनिकेशन नेटवर्क फेल: इसके तुरंत बाद, विमानन इलाके को कंट्रोल करने वाले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के टेलीकम्युनिकेशन नेटवर्क में बड़ी तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी.
  • बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं बाधित: इसके अलावा, अमेरिका के कई बड़े बैंकों की डिजिटल और ऑनलाइन पेमेंट सेवाएं अचानक गड़बड़ा गईं, जिससे वित्तीय लेन-देन पर बुरा असर पड़ा.
  • अब NSA का खुफिया नेटवर्क धराशायी: अब इस कड़ी में अमेरिका की सबसे बड़ी और सेंसेटिव जासूसी एजेंसी NSA का आंतरिक खुफिया नेटवर्क भी ठप हो गया है.

इन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने ये साबित कर दिया है कि अमेरिका का डिजिटल और तकनीकी बुनियादी ढांचा इस वक्त बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है. एक तरफ जहां आधुनिक दुनिया पूरी तरह तकनीक पर निर्भर हो चुकी है, वहीं इस तरह के लगातार ‘टेक ग्लिच’ इस बात की चेतावनी देते हैं कि एक छोटी सी तकनीकी चूक भी देश की रफ्तार को पूरी तरह रोक सकती है.

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

इस तरह की बार-बार होने वाली तकनीकी गड़बड़ियों ने अमेरिकी सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. ये डर सता रहा है कि कहीं ये सब आपस में जुड़ा तो नहीं है. क्या कोई सुनियोजित हमला किया जा रहा है, जो एक-एक करके अमेरिका के डिजिटल बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है? इन सवालों का जवाब तलाशने के लिए खुफिया एजेंसियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.



Source link