टोल पार करते ही बजेगी घंटी, कटेगा 10 हजार तक चालान, NHAI का नया नियम तैयार
Last Updated:
गाड़ी का बिना इंश्योरेंस कराए नेशनल हाइवे पर सफर करने वालों पर एनएचएआई का डंडा चलने वाला है. मुंडका स्थिति UER-II पर ट्रायल चल रहा है. हाइवे पर आने वाले हर वाहन का डेटाबेस एनएचएआई चेक करेगा. इंश्योरेंस पॉलिसी एक्सपायर पाए जाने पर तुंरत एसएमएस के तहत लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी. ऐसे लोगों के 10 हजार रुपये तक चालान काटे जाएंगे.
नई दिल्ली. सड़क पर कार चलाने से पहले अक्सर हम पेट्रोल की टंकी पर तो पूरा ध्यान देते है लेकिन कागजों पर नहीं. इंश्योरेंस या पॉल्यूशन सर्टिफिकेट एक्सपायर है या नहीं, इसपर शायद ही लोग मुस्तैदी से नजर रखें. अगर आप यह गलती करते हैं तो सावधान हो जाएं. ऐसा इसलिए क्योंकि अब आपकी यह लापरवाही नेशनल हाइवे पर सफर के दौरान भारी पड़ सकती है. एनएचएआई यानी नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एक ऐसी हाईटेक व्यवस्था शुरू कर दी है जिसके तहत टोल प्लाजा पार करते ही चंद मिनटों में आपके मोबाइल पर एक मैसेज आएगा. सिस्टम कार का नंबर रीड करते ही सीधे डेटाबेस से आपकी सारी जानकारी निकाल लेगा. अगर इंश्योरेंस पॉलिसी एक्सपायर निकली तो तुरंत आपको एसएसएस आएगा और चालान कटने की कार्रवाई शुरू हो जाएगा. UER-II स्थित मुंडका टोल प्लाजा पर इसे पायलट प्रोजेक्ट के तहत ट्रायल किया जा रहा है.
एसएमएस पर चालान कटने की जानकारी
नई व्यवस्था के तहत नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा पार करने के कुछ ही मिनटों के भीतर आपको एक SMS अलर्ट मिल जाएगा. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली में UER-II पर स्थित मुंडका टोल प्लाजा पर एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसे जल्द ही पूरे देश में लागू किया जाएगा. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार ट्रायल का मकसद वाहन मालिकों को समय पर अपना इंश्योरेंस रिन्यू करने के लिए प्रेरित करना है. जैसे ही कोई वाहन टोल प्लाजा से गुजरता है, उसकी जानकारी NIC द्वारा संचालित वाहन डेटाबेस के साथ साझा की जाती है, जहां एक ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए इंश्योरेंस की वैधता की जांच की जाती है.
मोटर वाहन अधिनियम के तहत एक्शन
एक अधिकारी ने बताया, “अगर पॉलिसी एक्सपायर हो गई है या वाहन का इंश्योरेंस नहीं है, तो मालिक को एक SMS अलर्ट भेजा जाता है. इसमें रजिस्ट्रेशन नंबर, टोल पार करने का समय और इंश्योरेंस एक्सपायर होने की जानकारी होती है. SMS में एक्सपायरी डेट का जिक्र होता है और वाहन मालिक को सलाह दी जाती है कि वे इंश्योरेंस रिन्यू करा लें, ताकि ‘मोटर वाहन अधिनियम’के तहत लगने वाले जुर्माने से बचा जा सके.”
10 हजार रुपये तक जुर्माना
इस कदम का उद्देश्य वाहन मालिकों को समय पर अपना इंश्योरेंस रिन्यू करने के लिए प्रोत्साहित करना है. बिना इंश्योरेंस वाले वाहन एक बड़ी चिंता का विषय हैं, खासकर तब जब वे किसी सड़क दुर्घटना में शामिल होते हैं, जिससे पीड़ितों के लिए मुआवजा पाने के रास्ते सीमित हो जाते हैं. मौजूदा कानून के तहत, बिना इंश्योरेंस वाले वाहन के मालिक को पहली बार पकड़े जाने पर, वाहन के बेस प्रीमियम का तीन गुना या 5,000 रुपये (जो भी ज्यादा हो) का जुर्माना देना पड़ सकता है. इसके बाद दोबारा ऐसा करने पर, बेस प्रीमियम का पांच गुना या 10,000 रुपये (जो भी ज्यादा हो) का जुर्माना लग सकता है.