MP के इस गांव में गोपाष्टमी का अनोखा महोत्सव, पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु
Last Updated:
Gopashtami 2026: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के ऊन गांव में गोपाष्टमी (17 नवंबर 2026) के अवसर पर भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान माता महालक्ष्मी को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे और गौ पूजन के साथ विशाल भंडारा होगा.
खरगोन. मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में गोपाष्टमी (17 नवंबर 2026) पर ऐसा धार्मिक आयोजन होता है, जिसमें शामिल होने के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. यहां गायों की पूजा होती है, मां महालक्ष्मी को छप्पन भोग अर्पित किए जाते हैं और फिर विशाल भंडारे में हजारों नहीं बल्कि लाखों भक्त एक साथ प्रसादी ग्रहण करते हैं. खास बात यह है कि इस आयोजन की परंपरा वर्षों से चली आ रही है. हम बात कर रहे हैं खरगोन जिले के ऊन गांव की, जहां गोपाष्टमी के अवसर पर भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है.
खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित ऊन गांव का श्री महालक्ष्मी मंदिर इस समय धार्मिक आयोजनों से गुलजार है. 15 नवंबर से शुरू हुए तीन दिवसीय महोत्सव का मुख्य आयोजन 17 नवंबर को होगा. इस दौरान मध्य प्रदेश के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी है.
तीन दिनों तक विशेष धार्मिक अनुष्ठान
मंदिर के पुजारी नरेंद्र कुमार पंडित ने लोकल 18 को बताया कि गोपाष्टमी महोत्सव की शुरुआत 15 नवंबर को सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या के साथ हुई. इसके बाद दूसरे दिन नुक्ती की महाप्रसादी तैयार की गई. महोत्सव के दौरान प्रतिदिन हवन और धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं. वहीं विद्वान पंडितों के सानिध्य में 21 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें 21 से अधिक जोड़े आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे.
मां महालक्ष्मी को लगेगा छप्पन भोग
महोत्सव के मुख्य दिन 17 नवंबर 2026 को विशेष पूजा-अर्चना के बाद माता महालक्ष्मी को छप्पन व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा. इसके साथ ही गौ माता का पूजन और श्रृंगार होगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोपाष्टमी पर गायों की पूजा का विशेष महत्व है. इसी परंपरा को निभाते हुए मंदिर में गौ पूजन किया जाएगा. इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें दूरदराज से आए श्रद्धालु भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे.
कई वर्षों से लगातार निभाई जा रही परंपरा
पुजारी बताते हैं कि गोपाष्टमी पर अन्नकूट महोत्सव और विशाल भंडारे की परंपरा बीते कई वर्षों से लगातार निभाई जा रही है. हर साल मंदिर समिति की ओर से आयोजन को और भव्य बनाने के प्रयास किए जाते हैं. यही वजह है कि अब यह महोत्सव केवल खरगोन जिले तक सीमित नहीं रहा बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया है.
सबसे प्राचीन महालक्ष्मी मंदिरों में शामिल
ऊन का श्री महालक्ष्मी मंदिर भी इस आयोजन को खास बनाता है. मान्यता है कि यह भारत के चार प्राचीन महालक्ष्मी मंदिरों में से एक है. इसे मध्य प्रदेश के सबसे पुराने महालक्ष्मी मंदिरों में गिना जाता है. यहां सालभर श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं लेकिन दीवाली और गोपाष्टमी के अवसर पर भक्तों की संख्या काफी बढ़ जाती है. मान्यता है कि सच्चे मन से माता के दर्शन और पूजा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं.
क्या है गोपाष्टमी का महत्व?
पुजारी आगे बताते हैं कि हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को गोपाष्टमी मनाई जाती है. यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता को समर्पित है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी, इसलिए इस दिन गायों और बछड़ों को सजाकर उनकी पूजा की जाती है. मथुरा, वृंदावन, गोकुल और ब्रज क्षेत्र में इस पर्व का विशेष महत्व है. मध्य प्रदेश के निमाड़ में भी इसे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है.