Last Updated:
Homuz LPG Tanker with Indian Crew Hit: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में टैंकरों पर हो रहा हमला लगातार जारी है. इस बार तारा गैस नाम के एलपीजी टैंकर पर मिसाइल से हमला हुआ है, जिसमें कुल 24 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे. गनीमत ये है कि अटैक के बाद भी सभी भारतीय सुरक्षित हैं.
ईरान समुद्री सीमा में एलपीजी टैंकर पर अटैक. (फाइल फोटो)
LPG Tanker with Indians Hit By Missile: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज इस वक्त मौत की घाटी बना हुआ है. यहां से जहाजों का गुजरना अपने आपमें चुनौती है. जो भी शिप या टैंकर इधर से निकल रहा है, वो अपने रिस्क पर है. ईरान की ओर से प्रतिबंधित जोन की तरफ जाना बिल्कुल मौत से खेलने जैसा बन गया है. यही वजह है कि पिछले 24 घंटे में करीब 4 अलग-अलग जहाजों पर हमले हुए हैं या फिर वे बारूदी सुरंगों से जाकर टकरा गए हैं. इसी सिलसिले में 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर ‘तारा गैस’ को भी मिसाइल हमले में निशाना बनाया गया. ये घटना भारत के लिए इसलिए महत्वपूर्ण हो गई क्योंकि इस जहाज पर 24 भारतीय नागरिकों समेत कुल 25 क्रू मेंबर सवार थे.
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में राहत की बात ये रही कि सभी 25 लोग सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है.देश के केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. इसके अलावा जहाज की मैनेजमेंट कंपनी के साथ भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जा सके.आपको बता दें कि ईरान-अमेरिका के बीच समझौता न हो पाने की स्थिति में होर्मुज में ईरान अपना दबदबा बनाए रखने के लिए जहाजों को तय रूट से अलग जाने पर इसी तरह हमले का शिकार बना रहा है. ऐसे में शिपिंग कंपनियों पर भी दबाव बढ़ रहा है.
तेल टैंकर भी बारूदी सुरंग से टकराया
इससे पहले ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक तेल टैंकर भी अंदर बिछी बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया. ये टक्कर इतनी भीषण थी कि तुरंत ही जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और टैंकर पूरी तरह से बंद पड़ गया. ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने इसकी जानकारी दी, जो समुद्री जहाजों की निगरानी करती है. ये घटना ओमान के खासाब तट से करीब 13 किलोमीटर दूरी पर हुई. एजेंसी से मिली जानकारी के मुताबिक जहाज पर मौजूद सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं. ईरानी नौसेना ने खुद इस घटना को सही बताते हुए बताया है कि टैंकर को काफी नुकसान पहुंचा है. इतना ही नहीं ईरान की ईरानी नौसेना ने दावा किया है कि यह जहाज प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था और अपना नेविगेशन सिस्टम भी बंद करके डार्क मोड में था.
क्यों मौत की घाटी बना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज?
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी दुनिया के तेल और गैस सप्लाई के लिए एक महत्वपूर्ण चोकप्वाइंट है. यहां से एशिया के देशों में तेल सप्लाई युद्ध से पहले तक धड़ाधड़ होती थी और करीब 20 फीसदी तेल इसी रास्ते से आता-जाता था. 28 फरवरी को अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद ईरान ने बदले में इस रूट को ही युद्ध का मेन प्वाइंट बना दिया और इसे बंद कर दिया. तब से अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज पर कब्जे को लेकर लड़ाई चल रही है. अमेरिका इसे अपनी निगरानी में बताता है लेकिन ईरान ने इसमें कुछ प्रतिबंधित क्षेत्र बनाए हैं और वहां से गुजरने पर जहाजों को मिसाइलों और अंदर बिछी समुद्री बारूदी सुरंगों का शिकार होना पड़ता है.