Fear of Commitment : रिश्ता अच्छा चल रहा है, फिर भी बार-बार ब्रेकअप का ख्याल क्यों आता है? समझें साइकोलॉजी

Fear of Commitment : रिश्ता अच्छा चल रहा है, फिर भी बार-बार ब्रेकअप का ख्याल क्यों आता है? समझें साइकोलॉजी


Breakup Thoughts Reasons: कभी-कभी ऐसा होता है कि आपका पार्टनर अच्छा है, रिश्ता भी ठीक चल रहा है, दोनों के बीच प्यार और समझदारी भी है. फिर भी न जाने क्यों मन में बार-बार एक सवाल आता है कि क्या मुझे इस रिश्ते में रहना चाहिए? क्या मैं सच में इस इंसान के साथ पूरी जिंदगी बिता पाऊंगा? कई बार तो बिना किसी बड़ी लड़ाई या मनमुटाव के भी ब्रेकअप करने का ख्याल दिमाग में चलने लगता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो जरूरी नहीं कि आपके रिश्ते में प्यार कम हो गया है. हो सकता है कि आप अपने मन की कुछ उलझनों से जूझ रहे हों. रिलेशनशिप साइकोलॉजी में इसे समझने के लिए भावनात्मक असमंजस(Relationship Ambivalence) की अवधारणा देखी जाती है. आइए समझते हैं कि आखिर अच्छे रिश्ते में रहते हुए भी अलग होने का ख्याल क्यों आता है.

कमिटमेंट से लगता है डर

क्‍लाइवलैंड क्‍लीनिक के मुताबिक, साइकोलॉजी में ऐसे हालात को Gamophobia कहा जाता है. दरअसल,  किसी के साथ पूरी जिंदगी बिताने का फैसला हर किसी के लिए आसान नहीं होता. जब रिश्ता गंभीर होने लगता है, तो शादी, परिवार और भविष्य की बातें भी सामने आने लगती हैं. कुछ लोगों को डर सताने लगता है कि कहीं इसके बाद उनकी आजादी कम न हो जाए या उन्हें अपनी पसंद के हिसाब से फैसले लेने में परेशानी न हो. यही सोच उन्हें अच्छे रिश्ते से भी पीछे हटने के लिए मजबूर कर सकती है.

अपनी आजादी खोने की चिंता
रिश्ते में प्यार और साथ जरूरी है, लेकिन अपनी जिंदगी और पसंद भी मायने रखती हैं. दोस्तों के साथ समय बिताना, अपने शौक पूरे करना, करियर पर ध्यान देना या कुछ वक्त अकेले रहना भी जरूरी है. अगर किसी को लगता है कि रिश्ते में आने के बाद उसे इन सब चीजों से समझौता करना पड़ेगा, तो वह दूरी बनाने के बारे में सोच सकता है. जबकि अच्छे रिश्ते में दोनों को एक-दूसरे के साथ रहने के साथ अपनी जिंदगी जीने की भी पूरी आजादी मिलती है.

पुराने रिश्तों का अनुभव
अगर पहले किसी रिश्ते में धोखा मिला हो या दिल दुखा हो, तो नए रिश्ते में भरोसा करना आसान नहीं होता. भले ही मौजूदा पार्टनर अच्छा हो, फिर भी मन में डर बना रह सकता है कि कहीं दोबारा वैसा ही न हो जाए. इस डर से कुछ लोग खुद को तकलीफ से बचाने के लिए रिश्ता खत्म करने के बारे में सोचने लगते हैं.

परफेक्ट रिश्ते की तलाश
सोशल मीडिया पर दूसरे कपल की खूबसूरत तस्वीरें और प्यार भरे पल देखकर हम कई बार अपने रिश्ते की तुलना उनसे करने लगते हैं. अगर पार्टनर पहले जितना समय न दे या रोमांस में कमी आ जाए, तो मन में सवाल उठ सकता है कि क्या हमें इससे बेहतर रिश्ता मिल सकता है? लेकिन यह समझना जरूरी है कि हर रिश्ते में अच्छे और मुश्किल दिन आते हैं. सोशल मीडिया पर दिखने वाली तस्वीरों से किसी के रिश्ते की पूरी सच्चाई पता नहीं चलती.

मन में एक साथ हो सकती हैं दो भावनाएं
किसी से प्यार करने के बावजूद कभी-कभी उससे दूर जाने का ख्याल आना भी संभव है. यानी मन में एक तरफ पार्टनर के लिए प्यार हो सकता है, तो दूसरी तरफ रिश्ते को लेकर उलझन भी. मनोविज्ञान में ऐसी मिली-जुली भावनाओं को Relationship Ambivalence कहा जाता है. इसका मतलब यह नहीं कि आप अपने पार्टनर से प्यार नहीं करते, बल्कि हो सकता है कि आप खुद अपनी भावनाओं को समझने की कोशिश कर रहे हों.

ब्रेकअप का ख्याल आए तो क्या करें?
सबसे पहले खुद को दोष न दें. थोड़ा समय लेकर सोचें कि आखिर आपको किस बात से परेशानी हो रही है. क्या पार्टनर की कोई आदत आपको दुखी करती है या आप भविष्य की जिम्मेदारियों से घबरा रहे हैं? अपनी बात पार्टनर से खुलकर कहें. जरूरत महसूस हो तो रिलेशनशिप काउंसलर की मदद भी ले सकते हैं. हां, अगर रिश्ते में अपमान, जबरदस्ती, नियंत्रण या हिंसा है, तो इसे नजरअंदाज न करें.

याद रखें, बार-बार ब्रेकअप का ख्याल आना हमेशा प्यार खत्म होने का संकेत नहीं होता. कभी-कभी यह अपने डर और जरूरतों को समझने का मौका भी हो सकता है. रिश्ता जारी रखना है या उससे बाहर आना है, इसका फैसला जल्दबाजी में नहीं, बल्कि सम्मान, भरोसे और अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखकर करें.

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य मनोवैज्ञानिक जानकारी और प्रकाशित शोध पर आधारित है. हर व्यक्ति और रिश्ते की परिस्थितियां अलग होती हैं. किसी गंभीर भावनात्मक परेशानी में विशेषज्ञ की सलाह लें.



Source link