नई दिल्ली. भारतीय फिल्मों का जलवा अब सिर्फ देश तक सीमित नहीं है. विदेशों में भी हिंदी और साउथ की फिल्मों को पसंद किया जा रहा है. नितेश तिवारी की ‘रामायण’ ने दुनियाभर में शानदार कमाई करके इस बात को एक बार फिर साबित किया है. फिल्म की सफलता ने भारतीय सिनेमा के लिए विदेशी बाजार में नई उम्मीद जगाई है. लेकिन क्या ‘रामायण’ की इस कामयाबी से दूसरी भारतीय फिल्मों के लिए भी रास्ते आसान होंगे? क्या विदेशी डिस्ट्रीब्यूटर्स अब भारतीय फिल्मों पर ज्यादा भरोसा दिखाएंगे? इन सवालों के बीच एसएस राजामौली की आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ चर्चा में है. महेश बाबू स्टारर इस फिल्म को बड़े ग्लोबल स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है. ऐसे में ‘रामायण’ की सफलता ‘वाराणसी’ के लिए कितनी फायदेमंद हो सकती है चलिए ये समझते हैं.
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी ‘रामायण’ ने महज 12 दिनों में दुनियाभर में करीब 1…. करोड़ रुपये का कारोबार किया है. इसमें विदेशी बाजारों से लगभग 4… करोड़ रुपये की कमाई हुई है. फिल्म को नॉर्थ अमेरिका, यूरोप, मिडिल ईस्ट और साउथ ईस्ट एशिया में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है.
‘रामायण’ को कैसे विदेश में मिल रहा फायदा
इस फिल्म की खास बात सिर्फ इसकी कमाई नहीं है, बल्कि उन देशों में भी इसकी पहुंच है, जहां भारतीय फिल्मों का बाजार बहुत बड़ा नहीं माना जाता था. थाईलैंड, इंडोनेशिया और वियतनाम जैसे देशों में भी फिल्म को रिलीज किया गया. इससे एक बात साफ होती है कि अगर किसी भारतीय फिल्म की कहानी, बजट और प्रमोशन पर सही तरीके से काम किया जाए तो वह नए विदेशी बाजारों में भी दर्शक जुटा सकती है. ‘रामायण’ को इस मामले में सोनी पिक्चर्स के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का भी फायदा मिला. यानी फिल्म को भारत के बाहर पहुंचाने के लिए सिर्फ पारंपरिक भारतीय फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स पर निर्भर नहीं रहना पड़ा. यही वह मॉडल है, जिसे आने वाले समय में दूसरी बड़ी भारतीय फिल्में भी अपना सकती हैं.
इस साल धुरंधर और रामायण जैसी फिल्में रिलीज हुईं जिन्होंने ताबड़तोड़ कमाई की. बॉक्स ऑफिस पर पहली बार हुआ है कि कारोबार 15000 करोड़ के पार चला गया है.
‘रामायण’-‘वाराणसी’ का कनेक्शन भी है खास
इन दोनों फिल्मों के बीच एक और दिलचस्प बात है. दोनों का रामायण से खास रिश्ता है. नितेश तिवारी की ‘रामायण’ सीधे महाकाव्य की कहानी पर आधारित है. वहीं, राजामौली की ‘वाराणसी’ एक अलग तरह की टाइम ट्रैवल एडवेंचर फिल्म है, जिसमें रामायण का एक अहम हिस्सा देखने को मिलेगा. रिपोर्ट्स की मानें तो ‘वाराणसी’ में महेश बाबू भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे. उनका यह सीक्वेंस करीब 25 मिनट लंबा होगा और इसे शूट करने में लगभग 60 दिन लगे हैं. यानी फिल्म में रामायण का यह हिस्सा काफी अहम होने वाला है. ऐसे में ‘रामायण’ की सफलता से दर्शकों के बीच इस बात को लेकर एक्साइटेंमट बढ़ सकती है कि राजामौली भगवान राम के किरदार और इस पौराणिक प्रसंग को किस अंदाज में पर्दे पर दिखाते हैं. हालांकि, दोनों फिल्मों की कहानी और उनका ट्रीटमेंट अलग है. इसलिए ‘वाराणसी’ को ‘रामायण’ की सफलता का सीधा फायदा मिलने का दावा करना जल्दबाजी होगी.
राजामौली का विदेशों में भी है रौला?
एसएस राजामौली के लिए विदेशी बाजार कोई नई जगह नहीं है. ‘बाहुबली 2’ ने उन्हें देशभर में बड़ी पहचान दिलाई, जबकि ‘आरआरआर’ ने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई. फिल्म के गाने ‘नाटू नाटू’ को ऑस्कर मिलना भी भारतीय फिल्मों के लिए बड़ी उपलब्धि थी. जापान में भी ‘आरआरआर’ को शानदार रिस्पॉन्स मिला था. लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है. राजामौली की फिल्मों की विदेशों में लोकप्रियता और ‘रामायण’ की सफलता के बीच एक बड़ा अंतर है. राजामौली पहले से विदेशी दर्शकों के बीच अपनी जगह बना चुके हैं, जबकि ‘रामायण’ ने एक बड़े इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए नए बाजारों तक पहुंच बनाने का उदाहरण पेश किया है.
साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म की लिस्ट में ‘रामायण’ 909 करोड़ के ग्रॉस कलेक्शन के साथ दूसरे नंबर पर है.
राजामौली के लिए क्यों फायदेमंद है यह माहौल?
अब अगर ‘रामायण’ के शानदार प्रदर्शन के बाद विदेशी डिस्ट्रीब्यूटर्स भारतीय फिल्मों में ज्यादा पैसा लगाने को तैयार होते हैं तो इसका फायदा ‘वाराणसी’ को मिल सकता है. फिल्म को ज्यादा देशों में रिलीज करने, बेहतर प्रमोशन और ज्यादा सिनेमाघरों में स्क्रीन मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं. हालांकि, ये फायदे तभी मिलेंगे जब फिल्म की टीम भी इस दिशा में मजबूत योजना बनाएगी.
‘वाराणसी’ 2027 की मोस्ट अवेटेड फिल्म है.
क्या 120 देशों में रिलीज होगी ‘वाराणसी’?
‘वाराणसी’ को बड़े लेवल पर बनाने की तैयारी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजामौली फिल्म को करीब 120 देशों में और 50 भाषाओं तक पहुंचाने की प्लानिंग कर रहे हैं. फिल्म को IMAX फॉर्मेट में भी तैयार किया जा रहा है, ताकि दर्शकों को बड़े पर्दे पर शानदार एक्सपेरिमेंट मिल सके.
‘रामायण’ की ग्लोबल सफलता में बढ़ाई उम्मीद
यहां ‘रामायण’ की सफलता एक उदाहरण बन सकती है. अगर किसी भारतीय फिल्म को विदेशों में अच्छी कमाई के साथ दर्शकों का प्यार मिलता है तो दूसरी फिल्मों के लिए भी वहां के सिनेमाघरों के दरवाजे खुल सकते हैं. लेकिन सिर्फ बड़े बजट, कई भाषाओं में रिलीज और शानदार विजुअल्स से फिल्म हिट नहीं होती. कहानी और दर्शकों से जुड़ाव भी उतना ही जरूरी है. कुल मिलाकर, ‘रामायण’ की ग्लोबल सफलता ने भारतीय फिल्मों के लिए उम्मीद जरूर बढ़ाई है. इससे यह भरोसा मजबूत हुआ है कि भारतीय कहानियां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पसंद की जा सकती हैं.