ग्लोबल पॉलिटिक्स के समीकरण किस तेजी से बदल रहे हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुनिया के तीन सबसे ताकतवर देश अब एक ही मंच पर आमने-सामने बैठने वाले हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस हफ्ते एक ऐतिहासिक ट्राइलेटरल शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहे हैं. इस महाबैठक से ठीक पहले बीजिंग की तरफ से जो तेवर दिखाए गए हैं, उसने जाहिर है कि वो इस वक्त सांतवें आसमान पर है. चीन ने साफ शब्दों में दुनिया को चेतावनी देते हुए कह दिया है कि अब वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए सबको उसकी बात सुननी ही होगी.
इतिहास में पहली बार हो रही है चीन,रूस और अमेरिका की मुलाकात
चीन के विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर ये ऐलान कर दिया है कि ये बैठक इतिहास में पहली बार होने जा रही है, जब इन तीनों महाशक्तियों के राष्ट्राध्यक्ष एक साथ बैठकर सीधी चर्चा करेंगे. चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने इस मेगा समिट की जानकारी देते हुए इसे दुनिया के इन 3 सबसे बड़े देशों के भविष्य और ग्लोबल चुनौतियों से निपटने का सबसे सुनहरा मौका बताया है.
ये ऐतिहासिक बैठक गुरुवार को चीन के शेन्ज़ेन शहर में होने वाली है. एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) समिट की साइडलाइन पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपने इन दोनों दिग्गज मेहमानों—डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की मेजबानी करेंगे. जैसे ही इन तीनों नेताओं के एक मंच पर आने की खबर दुनिया के सामने आई, वैसे ही अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है और हर कोई ये जानने को बेताब है कि 19 नवंबर को इस मंच से क्या बड़ा ऐलान होने वाला है.
इस त्रिपक्षीय मुलाकात के राजनीतिक और कूटनीतिक मायने बहुत गहरे हैं, क्योंकि पिछले कुछ सालों में वैश्विक स्तर पर अमेरिका, रूस और चीन के बीच जो तनाव देखा गया है, उसके बाद इस तरह की टेबल टॉक की किसी ने उम्मीद नहीं की थी.
क्या है चीन का असली गेम
- चीन के सातवें आसमान पर तेवर: चीन ने इस त्रिपक्षीय बैठक से ठीक पहले बहुत कड़े और आक्रामक तेवर दिखाए हैं, जिससे साफ पता चलता है कि वो वैश्विक राजनीति में खुद को सबसे आगे रखना चाहता है.
- संयुक्त राष्ट्र के सदस्यों पर बड़ी जिम्मेदारी: चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि चूंकि अमेरिका, रूस और चीन संयुक्त राष्ट्र और इसकी सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य हैं, इसलिए दुनिया में शांति बनाए रखने का सबसे बड़ा जिम्मा इन्हीं तीनों देशों का है.
- पुराने इतिहास की याद: चीन ने इतिहास के पन्नों को पलटते हुए यह याद दिलाया है कि अतीत में इन तीनों महाशक्तियों ने मिलकर फासीवाद के खिलाफ जंग जीती थी और पूरी दुनिया को एक भयंकर संकट से बचाया था.
- वर्तमान चुनौतियों का मिलकर सामना: चीन दुनिया के सामने शांति और भाईचारे का मुखौटा पहनकर भले ही बड़ी-बड़ी बातें कर रहा हो, लेकिन असलियत में वह ‘फर्ज’ और ‘सहयोग’ के इस नाटक के बहाने वैश्विक मंच पर अपनी पैठ मजबूत करके दूसरे देशों की जमीनों और संसाधनों पर कब्जा करने की फिराक में है. चीनी प्रवक्ता माओ निंग का कहना है कि आज दुनिया भर में जैसे हालात हैं, उन्हें देखते हुए अमेरिका, रूस और चीन का फर्ज बनता है कि व अपने आपसी मतभेद भुलाकर ग्लोबल चुनौतियों का सामना करें और अमन-चैन कायम रखें.
- रणनीतिक स्थिरता पर होगी ऐतिहासिक चर्चा: जो चीन खुद पूरी दुनिया में अशांति फैलाने और दूसरे देशों की जमीन पर आंख गड़ाए बैठने के लिए जाना जाता है, वही अब ग्लोबल मंच पर बैठकर ‘रणनीतिक स्थिरता’ और शांति का पाठ पढ़ा रहा है. इस मेगा समिट के दौरान तीनों नेता वैश्विक शांति और महाशक्तियों के बीच रणनीतिक स्थिरता को लेकर बहुत गहराई से चर्चा करने वाले हैं, जिसे चीन ने ‘ग्राउंडब्रेकिंग’ यानी ऐतिहासिक महत्व का बताया है, जबकि असलियत में ये उसकी अपनी चालों को छुपाने का एक ढोंग भर है.
- ग्लोबल पॉलिटिक्स के सेंटर में आने की तैयारी: बीजिंग के इस तीखे और स्पष्ट संदेश से ये साफ इशारा मिल रहा है कि चीन अब खुद को ग्लोबल पॉलिटिक्स के मुख्य केंद्र में स्थापित करने के लिए पूरी तरह से तैयार बैठा है.
शी जिनपिंग, ट्रंप और पुतिन के बीच ‘दोस्ती’ पर सबसे बड़ी चर्चा
आज के समय में जब दुनिया भर के कूटनीतिक रिश्ते हर दिन नया मोड़ ले रहे हैं, ऐसे में चीन, अमेरिका और रूस के शीर्ष नेताओं का एक साथ आना बहुत बड़े बदलाव का संकेत है. माओ निंग का कहना है कि इन तीनों देशों के बीच संवाद को मजबूत करना, आपसी मतभेदों को किनारे रखना और रिश्तों में स्थिरता बनाए रखना न सिर्फ उनके अपने हितों के लिए जरूरी है, बल्कि पूरी दुनिया की भी यही मांग है.
उनका साफ मानना है कि इस तरह की उच्चस्तरीय बातचीत से अंतरराष्ट्रीय हालात में बड़ा सुधार आ सकता है और देशों के बीच सहयोग का दायरा और ज्यादा बढ़ सकता है. हालांकि, चीन के विदेश मंत्रालय ने अभी ये आधिकारिक रूप से साफ नहीं किया है कि इस बैठक के बाद कोई नया कूटनीति समझौता या करार साइन होगा या नहीं, लेकिन ‘रणनीतिक स्थिरता’ पर जिस तरह से जोर दिया गया है, उससे ये तय माना जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के इन तीन दिग्गजों की ये मुलाकात आने वाले समय में दुनिया की दिशा तय करेगी. विशेषज्ञ मान रहे हैं कि इस बैठक से ग्लोबल इकॉनमी और ट्रेड वॉर के मोर्चे पर भी कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं.
APEC समिट के बीच पूरी दुनिया की नजरें टिकीं शेन्ज़ेन पर
ये त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित हो रहा है जब चीन इस साल 21 अर्थव्यवस्थाओं वाले APEC समूह की मेजबानी कर रहा है. शेन्ज़ेन में होने वाली इस महाबैठक पर दुनियाभर के एक्सपर्ट्स की गहरी नजरें टिकी हुई हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ये टेबल टॉक आने वाले दिनों में ग्लोबल ट्रेड, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय गठजोड़ के तमाम पुराने समीकरणों को बदलकर रख सकती है.
अब पूरी दुनिया की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस ऐतिहासिक बैठक से ग्लोबल मंच पर क्या नए संदेश निकलते हैं और इसका भारत समेत बाकी देशों पर क्या असर पड़ता है. चीन ने जिस तरह से ‘दुनिया को बात सुनने’ की बात कही है, उसने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में कूटनीति का ये त्रिकोण पूरी दुनिया की राजनीति को अपने हिसाब से चलाने वाला है. शेन्ज़ेन की ये बैठक इतिहास के पन्नों में किस तरह दर्ज होगी, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा.