सिलिकॉन वैली में हिंदू मंदिर फिर निशाने पर, प्रशासन ने मांगी रो खन्ना से मदद
Last Updated:
California Temple Break in: अमेरिका में हिंदुओं के मंदिर शिव दुर्गा टेंपल में एक बार फिर से सेंधमारी की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि तीन सालों में ये तीसरी बार है, जब इस मंदिर में इस तरह की सेंधमारी हुई है. इस बार मंदिर के प्रशासन की ओर से सीनेटर रो खन्ना से गुहार लगाई गई है कि वे इस पर कार्रवाई करें.
कैलिफोर्निया में मंदिर पर में सेंधमारी की कोशिश. (फोटो- आईएएनएस)
California Temple Break in: अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बार फिर से हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया. यहां मौजूद सिलिकॉन वैली में एक हिंदू मंदिर में सेंधमारी की घटना सामने आई है, लगातार तीसरा ऐसा मामला है. सांता क्लारा में मौजूद शिव दुर्गा टेंपल ऑफ बे एरिया में 15 नवंबर को सुबह-सुबह करीब 4 बजे एक अज्ञात व्यक्ति घुस गया. बताया जा रहा है कि पिछले लगभग 3 सालों में मंदिर में इस तरह की ये तीसरी घटना है. लगातार हो रहे ऐसे मामलों से मंदिर प्रबंधन और स्थानीय हिंदू समुदाय की चिंता बढ़ गई है. ऐसे में मंदिर प्रशासन ने भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना से भी मदद मांगी है.
मंदिर प्रबंधन ने 15 नवंबर को श्रद्धालुओं को एक मैसेज भेजकर घटना की जानकारी दी. इसमें कहा गया था कि सुबह करीब चार बजे एक बार फिर किसी ने मंदिर परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया. मंदिर प्रशासन की ओर से इस तरह की घटना पर दुख जताते हुए कहा गया है कि लगातार ऐसी घटनाएं होना निराशाजनक है, लेकिन इससे समुदाय की आस्था कमजोर नहीं होने वाली. मंदिर की ओर से बताया गया कि मामले की जांच के लिए पुलिस और संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क किया गया है. फिलहाल मंदिर में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मंदिर से कोई सामान चोरी हुआ है या परिसर में कितनी क्षति पहुंची है.
भारतीय मूल के सांसद रो खन्ना से मांगी मदद
इस घटना की जानकारी रिपब्लिकन नेता रितेश टंडन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की. उन्होंने सांसद रो खन्ना से सवाल किया कि उनका कार्यालय इस मामले की जांच में किस तरह सहयोग कर सकता है और मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं. टंडन ने इस घटना के साथ हिंदू मंदिरों में बार-बार हो रही सेंधमारी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने मंदिर समिति की ओर से तुरंत कार्रवाई करने और पुलिस से संपर्क करने की सराहना की. साथ ही लोगों से अपील की कि वे मंदिर आना जारी रखें और उसकी मरम्मत तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सहयोग करें.
मामले की जांच जारी
मंदिर के अध्यक्ष सुनील खन्ना की ओर से जारी संदेश में श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की गई है. उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ लोगों को नई जानकारी दी जाएगी. फिलहाल पुलिस की ओर से इस ताजा घटना की अलग से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. न ही किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी, चोरी हुए सामान या आर्थिक नुकसान को लेकर जानकारी सामने आई है. गौरतलब है कि शिव दुर्गा टेंपल का निर्माण सांता क्लारा काउंटी में रहने वाले हिंदू परिवारों के सहयोग से किया गया था. यहां नियमित रूप से पूजा-पाठ और आरती होती है. इसके अलावा बच्चों को धार्मिक शिक्षा देने के साथ भारतीय त्योहारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है. ऐसे में मंदिर में बार-बार हो रही सेंधमारी ने स्थानीय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.