Last Updated:
Hyderabad Unique Startup: बच्चों को प्लास्टिक और केमिकल वाले खिलौनों से दूर रखने के लिए हैदराबाद के युवा उद्यमी स्टालिन पठान ने अनूठी पहल की है. उन्होंने अपनी मां आबिदा बेगम पठान के साथ मिलकर नीम की लकड़ी से खिलौने बनाने वाला स्टार्टअप ‘नीमटॉयज’ शुरू किया है. इसकी शुरुआत वर्ष 2021 में करीब 10 महीने के शोध के बाद हुई. स्टार्टअप में बच्चों के लिए झुनझुने, टीदर्स, पहेलियां और विंटेज कारों सहित 100 से अधिक तरह के खिलौने तैयार किए जाते हैं. इन पर आर्टिफिशियल रंगों और केमिकल पॉलिश का इस्तेमाल नहीं होता. इस पहल की खास बात यह है कि यहां काम करने वाली 22 लोगों की टीम में 20 स्थानीय महिलाएं हैं. उन्हें प्रशिक्षण देकर कुशल कारीगर बनाया गया है. स्टालिन का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 100 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है. पर्यावरण संरक्षण के लिए हर एक पेड़ काटने पर तीन नए नीम के पौधे लगाने का नियम भी बनाया गया है.
हैदराबाद: आज के दौर में बच्चों के खिलौनों का बाजार सस्ते प्लास्टिक और सिलिकॉन उत्पादों से भरा पड़ा है. छोटे बच्चे अक्सर इन खिलौनों को मुंह में लेते हैं, जिससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है. बच्चों की सेहत और पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए युवा उद्यमी स्टालिन पठान ने एक बेहतरीन और प्राकृतिक विकल्प तैयार किया है. उन्होंने अपनी मां आबिदा बेगम पठान के साथ मिलकर नीमटॉयज नाम से एक स्टार्टअप की शुरुआत की है जो पूरी तरह से नीम की लकड़ी से बच्चों के खिलौने और टीदर्स बनाता है.
3D डिजाइन और मशीनों की मदद से तैयार करते हैं खिलौने
स्टालिन ने बताया कि नीम की लकड़ी चुनने के पीछे एक खास वैज्ञानिक और आयुर्वेदिक कारण है. नीम में प्राकृतिक रूप से एंटी-बैक्टीरियल और औषधीय गुण होते हैं. जब 3 महीने से 5 साल तक के बच्चे इन खिलौनों या टीदर्स को मुंह में लेते हैं तो यह पूरी तरह सुरक्षित रहता है और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में भी मदद करता है. इन खिलौनों पर किसी भी तरह के आर्टिफिशल रंग या केमिकल पॉलिश का इस्तेमाल नहीं किया जाता. आधुनिक 3D डिजाइन और मशीनों की मदद से अब तक 100 से अधिक प्रकार के खिलौने, झुनझुने, पहेलियां और विंटेज कारें तैयार की जा चुकी हैं जो बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में सहायक हैं.
स्टार्टअप में महिला सशक्तिकरण का भी रखा ख्याल
इस स्टार्टअप का सबसे प्रेरक पहलू महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण है. स्टालिन ने मात्र 2-3 लोगों के साथ काम शुरू किया था, लेकिन आज उनकी टीम में 22 लोग हैं, जिनमें से 20 स्थानीय महिलाएं हैं. इन महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर कुशल कारीगर बनाया गया है. स्टालिन का लक्ष्य अगले दो वर्षों में आसपास के गांवों की 100 महिलाओं को प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना है. इसके साथ ही, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए उनकी कंपनी का सख्त नियम है कि खिलौनों के लिए हर एक नीम का पेड़ काटने के बदले वे तीन नए नीम के पेड़ लगाते हैं. अब वे बच्चों के लिए विज्ञान और गणित आधारित लकड़ी के खिलौने तैयार करने की योजना पर काम कर रहे हैं.