उज्जैन. हिंदू धर्म में दीपावली के बाद कई महत्वपूर्ण पर्व और व्रत मनाए जाते हैं. इन्हीं में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आने वाली अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक महत्व है. इसे आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है. इस साल यह 18 नवंबर को है. इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने और उसके नीचे भोजन करने की परंपरा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन किए गए पूजा-पाठ और दान-पुण्य का अक्षय फल प्राप्त होता है.
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, अक्षय नवमी पर राशि के अनुसार विशेष उपाय करने से मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त हो सकती है. आइए जानते हैं कि सभी 12 राशियों के जातकों को इस दिन कौन से उपाय करने चाहिए.
अक्षय नवमी पर राशि अनुसार उपाय
मेष- नवमी के दिन मेष राशि के जातक भगवान विष्णु की पूजा करें और आंवले के पेड़ पर 7 बार कच्चा सूत लपेटें. मान्यता है कि इससे उन्नति के नए अवसर मिलते हैं.
वृषभ- आंवला नवमी के दिन किसी सार्वजनिक स्थान पर आंवले का पौधा लगाएं और उसकी रोज सेवा करें. ऐसा करने से धन-धान्य में वृद्धि होगी.
मिथुन- इस राशि के जातकों को आंवला नवमी के अवसर पर परिवार के सदस्यों के साथ आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करना चाहिए. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है.
कर्क- नवमी पर आंवले के पेड़ की जड़ में कच्चा दूध चढ़ाएं और फिर पूजा करें. इससे विशेष लाभ होगा.
सिंह- नवमी के दिन सिंह राशि के जातक आंवला पेड़ की विधि-विधान से पूजा करने के बाद पेड़ की 7 बार परिक्रमा करें. इससे उनके रुके हुए कार्य पूरे हो जाएंगे.
कन्या- इस राशि के जातक आंवले के वृक्ष की जड़ में रोली, अक्षत और चंदन अर्पित करें. इसके बाद 7 बार परिक्रमा करें. इससे पारिवारिक सुख-समृद्धि बनी रहेगी.
तुला- इस राशि के जातक आंवला पेड़ पर जल चढ़ाएं और फिर विष्णु जी के मंत्रों का जाप करें. ऐसा करने से धन-धान्य में वृद्धि होगी.
वृश्चिक- इस राशि के जातक आंवला नवमी के दिन विष्णु जी के सामने घी का दीपक जलाएं और फिर पूजा करें. पूजा में उन्हें आंवले का भोग जरूर लगाएं.
धनु- इस राशि के जातकों को अक्षय नवमी पर भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करनी चाहिए. मान्यता है कि इससे आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और धन-समृद्धि आती है.
मकर- इस राशि के जातक आंवला नवमी पर ब्राह्मणों को दान दें. इससे उनके कार्यों में आ रही रुकावटें दूर होंगी.
कुंभ- इस राशि के जातक विष्णु जी की पूजा के बाद उन्हें आंवले का भोग लगाएं. साथ ही ब्राह्मणों को भी आंवला दान करें, लाभ होगा.
मीन- इस राशि के जातकों को आंवला नवमी पर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करनी चाहिए. शाम के समय तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाना शुभ रहेगा.