58 साल में 25 टेस्ट और जीत बस 5, न्यूजीलैंड में बेहद खराब है भारत का रिकॉर्ड
Last Updated:
58 साल पहले भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड में अपनी पहली टेस्ट सीरीज खेली थी. जिसमे भारत को जीत मिली थी. हालांकि, उसके बाद से सिर्फ एक ही बार ऐसा मौका आया, जब उसने 2009 में न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज अपने नाम की. अब शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम दो मैचों की सीरीज खेलने उतरेगी.
टीम इंडिया का न्यूजीलैंड में कैसा है टेस्ट रिकॉर्ड?
नई दिल्ली. टीम इंडिया का प्रदर्शन टी20 के बाद वनडे सीरीज में भी शानदार रहा. भारतीय टीम ने वनडे सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया. हालांकि, भारतीय टीम और कप्तान शुभमन गिल की असली परीक्षा अब क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट यानी टेस्ट में है. दो मुकाबलों की सीरीज 19 नवंबर से शुरू हो रही है. न्यूजीलैंड की सरजमीं पर टीम इंडिया का टेस्ट रिकॉर्ड बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा है. 1968 में पहली बार भारत ने न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेली थी, जिसमें जीत मिली. इसके बाद दूसरी सीरीज जीतने के लिए उसे 2009 तक का इंतजार करना पड़ा. अब देखना होगा कि क्या शुभमन गिल इस देश में भारत को टेस्ट सीरीज जिताने वाले तीसरे कप्तान बन सकते हैं.
25 साल में सिर्फ 5 जीत
न्यूजीलैंड में भारत ने अब तक कुल 25 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से टीम को सिर्फ 5 मैचों में जीत मिली है. वहीं, 10 मुकाबलों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है. 10 मैचों का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ है. भारतीय टीम को साल 2020 में न्यूजीलैंड के अपने आखिरी दौरे पर भी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, 2024 में न्यूजीलैंड के हाथों भारत को अपने ही घर में 0-3 से टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी.
बल्लेबाजों के सामने होगा असली चैलेंज
तेज गेंदबाजों के अनुकूल न्यूजीलैंड की कंडीशंस में भारतीय बल्लेबाजों के लिए टेस्ट सीरीज में रन बनाना बड़ी चुनौती होगी. टीम की बल्लेबाजी का दारोमदार शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान शुभमन गिल के कंधों पर होगा, जिसका साथ देने की जिम्मेदारी यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल जैसे बल्लेबाजों की होगी. भारत के मौजूदा टेस्ट स्क्वॉड में काफी कम खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव है. हालांकि, भारत-ए की ओर से खेलते हुए जुरेल और पडिक्कल ने अच्छा प्रदर्शन किया था.
तेज गेंदबाजों पर भी दारोमदार
तेज गेंदबाजी की अगुवाई जसप्रीत बुमराह करते हुए नजर आएंगे. बुमराह का साथ आकाशदीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा देते हुए नजर आएंगे. गुरनूर बरार को भी टेस्ट सीरीज के आगाज से ठीक पहले टीम में शामिल किया गया है. नीतीश कुमार रेड्डी के ऊपर बल्ले और गेंद दोनों से अहम रोल अदा करने की जिम्मेदारी होगी. टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंग्टन में 19 नवंबर से खेला जाना है. इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच का आगाज 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में होगा.