Last Updated:
धर्मशाला में विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, मंत्रियों और विधायकों ने थिएटर में रामायण फिल्म देखी. बैठक में विवाद की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने 2027 चुनावों की तैयारी का दावा किया.
विधायक दल की बैठक में विधायकों के बीच कथित कहासुनी की खबर पर प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने सिरे से खारिज किया.
धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में तपोवन में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों के साथ नेताओं का मनोरंजन का अंदाज भी देखने को मिला. विधायक दल की बैठक के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल सहित कांग्रेस के मंत्री और विधायक धर्मशाला के एक थिएटर में रामायण मूवी देखने पहुंचे. इस दौरान नेताओं ने फिल्म का आनंद लिया.
विधायक दल की बैठक में विधायकों के बीच कथित कहासुनी की खबर पर प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने सिरे से खारिज किया. उन्होंने कहा कि बैठक में किसी तरह की कहासुनी नहीं हुई, सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है और सभी विधायकों ने अपना मत रखा.
मीडिया से बातचीत के दौरान हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने बताया कि सभी नेता विधायक दल की बैठक के लिए एकत्रित हुए थे. ऐसे में उन्होंने रामायण फिल्म देखने का कार्यक्रम बनाया. उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर काफी चर्चा सुनी थी, इसलिए सभी विधायकों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ फिल्म देखने पहुंचे. फिल्म अच्छी थी और सभी ने इसका आनंद लिया.
विधायक दल की बैठक में कहासुनी की चर्चाओं को बताया गलत
विधायक दल की बैठक के दौरान कुछ विधायकों के बीच आपसी कहासुनी होने की वायरल चर्चाओं पर रजनी पाटिल ने कहा कि ऐसी बातें पूरी तरह गलत हैं. बैठक में किसी तरह की कहासुनी नहीं हुई. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपना मत रखने का अधिकार है और बैठक में सभी ने अपनी-अपनी बात रखी. इसके अलावा कोई विवाद नहीं हुआ.
2027 के चुनावों के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगे
वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है. इसके लिए पार्टी नेताओं के दौरे शुरू किए जाएंगे और चुनावों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी.
सोनिया गांधी के मेमोयर प्रदर्शनी में शामिल होने दिल्ली गए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर रजनी पाटिल ने बताया कि सोनिया गांधी के मेमोयर से संबंधित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है. इसके लिए दिल्ली के आईटीसी में करीब 150 लोगों को आमंत्रित किया गया है. उन्होंने बताया कि हिमाचल के चारों पूर्व एवं वर्तमान मुख्यमंत्रियों सहित तमिलनाडु के मुख्यमंत्री समेत अन्य नेताओं को भी इस कार्यक्रम के लिए बुलाया गया है.