‘हर एक भारतीय के खून में बसे हैं’ भगवान राम की शख्सियत पर जावेद अख्तर का बेबाक बयान

‘हर एक भारतीय के खून में बसे हैं’ भगवान राम की शख्सियत पर जावेद अख्तर का बेबाक बयान


Last Updated:

जावेद अख्तर अपनी बेबाक बयानी के लिए मशहूर हैं. गीतकार को इसी खूबी की वजह से लोगों का प्यार भी मिलता है, नफरत भी. उन्होंने फिल्म ‘स्वदेश’ के लिए लिखे गीत ‘पल पल है भारी’ के बहाने भगवान राम की शख्सियत पर बात की. उन्होंने कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, राम एक नैतिकता हैं. राम जीने का एक तरीका हैं. राम कुछ खास मूल्यों और नैतिकता का प्रतीक हैं. राम हर भारतीय के खून में बसे हैं, चाहे वे किसी भी धर्म को मानते हों. वे जीवन जीने का एक ढंग हैं.’

ख़बरें फटाफट

Zoom

जावेद अख्तर खुलकर अपनी राय जाहिर करते हैं.

नई दिल्ली: जावेद अख्तर जब इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (आईपीआरएस) के एक इवेंट में पहुंचे, तो उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने ‘रामायण’ देखी है? उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘मैंने अभी फिल्म नहीं देखी है. मेरी बेटी (जोया) ने इसे देखा है और वह इसकी तारीफ कर रही है. वह किसी चीज की तारीफ बहुत मुश्किल से करती है. मैंने तो अभी तक उसे अपनी तारीफ करते भी नहीं सुना है.’ जावेद अख्तर के लिखे कई लोकप्रिय गीतों में से एक ‘स्वदेश’ फिल्म का गीत ‘पल पल है भारी’ आज भी सराहा जाता है. इस गीत की एक चर्चित पंक्ति है, ‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में है.’

जावेद अख्तर से जब कहा गया कि उनके लिखे गीत लोगों के दिलों को छूते हैं, तो वे बोले, ‘इसका सीधा सा जवाब है कि मैं एक अच्छा लेखक हूं. शुरुआत यहीं से करते हैं. इसीलिए मेरी लिखी पंक्ति लोगों के दिलों को छूती है.’ लेखक और गीतकार ने भगवान राम की लोकप्रियता के बारे में भी बात की. जावेद अख्तर ने कहा, ‘राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, राम एक आदर्श हैं, एक नैतिकता हैं. राम जीवन जीने का एक तरीका हैं. राम एक खास सौंदर्यबोध और नैतिकता का प्रतीक हैं. इसलिए जब आप उन्हें देखते हैं और उनके गुणों की सराहना करते हैं तो वे आपके दिल को छूते हैं.’

भगवान राम को बताया जीवन जीने का तरीका
जावेद अख्तर ने आगे कहा, ‘हो सकता है कि कई लोग मुझसे नाराज हों, लेकिन राम का सार हर भारतीय के खून में है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो. कभी-कभी उन्हें एक व्यक्ति के रूप में दर्शाया जाता है, लेकिन उनकी शख्सियत इससे कहीं बड़ा है. वह जीवन जीने का एक तरीका हैं.’ नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर राम, यश रावण और साई पल्लवी सीता की भूमिका में हैं.

साहित्य-सिनेमा पर दी राय
जावेद अख्तर ने हिंदी सिनेमा में साहित्यिक कृतियों पर बनने वाली फिल्मों पर कहा, ‘पहले भी साहित्यिक कृतियों को फिल्मों में ढालने का चलन बहुत कम था. ‘देवदास’, ‘साहब बीबी और गुलाम’ जैसी कुछ फिल्में बनीं, लेकिन बाकी फिल्में एक जैसे फार्मूले पर आधारित थीं. हिंदी फिल्में एक जैसे फार्मूले पर इसलिए बनती हैं क्योंकि वे सभी को खुश करना चाहती हैं. वे चाहती हैं कि गुजरात, पंजाब, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के लोग भी उन्हें पसंद करें.’ अपनी किताब ‘टॉकिंग फिल्म्स’ का जिक्र करते हुए जावेद अख्तर ने कहा कि हिंदी सिनेमा ने अपनी एक अलग कल्चरल आइडेंटिटी विकसित कर ली है, जिसका आम भारतीय जीवन की सच्चाई से बहुत कम संबंध है.



Source link