धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांगड़ा में नए जिले के गठन को लेकर विधायकों के बीच कथित बहसबाजी और हंगामे की खबरों के बीच नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक और कैबिनेट मंत्री रघुवीर सिंह बाली ने पूरे मामले पर सफाई दी है और मंद-मंद मुस्कुराते हुए पूरा मामला खारिज कर दिया.
बाली ने बैठक में हंगामे और विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि विधायक दल की बैठक के भीतर जो बातें होती हैं, वे वहीं तक सीमित रहती हैं. मीडिया में जो बातें सामने आई हैं, वैसा कुछ नहीं हुआ. गौर रहे कि बीती शाम को हुई विधायक दल की मीटिंग में आरएस बाली और भवानिया सिंह पठानिया के बीच नोकझोक की खबरें सामने आई हैं. हालांकि, बाली ने इसका खंडन किया है.
बाली ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान कई तरह के मुद्दे उठते हैं और अलग-अलग विषयों पर चर्चा होती है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि बैठक में किसी तरह का हंगामा हुआ. उन्होंने कहा, “मैंने आज ऐसी खबरें पढ़ी हैं. विधायक दल की बैठक में ऐसी कोई बात नहीं हुई. बैठक के अंदर की बातें अंदर ही रहती हैं. कई बार बात कुछ होती है और मीडिया में उसका अलग ही मतलब निकल जाता है.”
कांगड़ा को तोड़ने की बात करना भी तर्कसंगत नहीं
नए जिलों के गठन और विशेषकर कांगड़ा जिले को विभाजित करने की संभावनाओं पर बाली ने अपना रुख बेहद स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि कांगड़ा हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है और यह केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं और पहचान से जुड़ा हुआ है. कांगड़ा जिले को तोड़ने की बात करना भी तर्कसंगत नहीं है.
उन्होंने कहा, “हिमाचल और हिमाचलियत हमारी पहचान है. वीरभूमि और देवभूमि हिमाचल प्रदेश हमारी पहचान है. प्रदेश के सभी जिलों का सम्मान हमारी पहचान है. जिस जिले से मैं आता हूं, वह कांगड़ा जिला है. यह हिमाचल का सबसे बड़ा जिला है. कांगड़ा जिले को तोड़ने की बात तो दूर, इस विषय पर चर्चा करना भी सही नहीं है.”
बाली ने कहा कि कांगड़ा जिले के लोगों को अपने जिले पर गर्व है. चाहे यहां का बच्चा हो, बुजुर्ग हो, महिला हो या युवा, सभी कांगड़ा की पहचान से भावनात्मक रूप से जुड़े हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि कांगड़ा जिले को न तो तोड़ा जा सकता है और न ही इसे तोड़ने की बात की जानी चाहिए. हर विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र को जिला बनाने की मांग कर सकता है.
#HimachalPradesh : Amid reports of heated arguments and a ruckus among MLAs during the Congress Legislative Party meeting in Himachal Pradesh over the proposed formation of a new district in Kangra, MLA Raghuveer Singh Bali has clarified his position on the entire issue. https://t.co/3w2gd1QV6Q