रामायण vs दंगल: अपना ही रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे नितेश तिवारी? 2000 Cr से इतनी दूर रणबीर की फिल्म, चीन पर टिकी नजरें

रामायण vs दंगल: अपना ही रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे नितेश तिवारी? 2000 Cr से इतनी दूर रणबीर की फिल्म, चीन पर टिकी नजरें


Last Updated:

Ramayana vs Dangal: भारतीय फिल्मों की किस्मत कई बार देश की सीमाओं से बाहर जाकर बदलती है. किसी फिल्म को विदेश में मिली कामयाबी उसे कमाई के नए रिकॉर्ड तक पहुंचा देती है. आमिर खान की ‘दंगल’ इसका बड़ा उदाहरण है. अब रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के सामने भी कुछ ऐसा ही मौका है. फिल्म की भव्यता और भारी बजट के बीच चीन का बाजार मेकर्स के लिए कितनी बड़ी उम्मीद बन सकता है, यही सवाल चर्चा में है.

नई दिल्ली. बॉलीवुड में जब भी विदेशी बाजार में भारतीय फिल्मों की सबसे बड़ी कमाई की बात होती है, तो आमिर खान की ‘दंगल’ का नाम जरूर आता है. इस फिल्म ने चीन में ऐसा कारोबार किया था, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान भारतीय सिनेमा की तरफ खींचा. अब उसी निर्देशक के सामने एक नई चुनौती है. नितेश तिवारी इस बार रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के साथ ‘रामायण’ लेकर आए हैं. फिल्म का स्केल बड़ा है, बजट भारी है और मेकर्स की नजर ग्लोबल मार्केट पर है. भारत में शानदार प्रदर्शन के बाद अब चीन को लेकर उम्मीदें लगाई जा रही हैं. लेकिन क्या सिर्फ चीन की रिलीज से फिल्म की कमाई का पूरा गणित बदल सकता है?

रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है. फिल्म के दो पार्ट्स का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया गया है. यानी पहले पार्ट पर ही लगभग 2000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. मेकर्स की तरफ से ऑफिशियल पार्ट-वाइज आंकड़ा नहीं है. ऐसे में फिल्म के सामने सिर्फ अच्छी कमाई करने की चुनौती नहीं है. इसे दुनियाभर में बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचना भी है. फिल्म ने अपने शुरुआती प्रदर्शन में भारतीय बॉक्स ऑफिस के साथ विदेशी बाजारों में भी अच्छी पकड़ दिखाई है. अमेरिका, ब्रिटेन, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में इसे दर्शक मिले हैं.

‘रामायण’ की चीन में रिलीज को लेकर काफी समय से चर्चा है. फिल्म 12 नवंबर को हांगकांग में रिलीज हो चुकी है. यहां इसे हिंदी भाषा में चीनी और अंग्रेजी सबटाइटल के साथ दिखाया गया. लेकिन, हांगकांग में रिलीज होने का मतलब यह नहीं है कि फिल्म को चीन के मेनलैंड में भी रिलीज की मंजूरी मिल गई है. फिलहाल मेकर्स ने चीन के लिए कोई ऑफिशियल तारीख नहीं बताई है. फिल्म को विदेशों में रिलीज कर रही सोनी पिक्चर्स की तरफ से भी इस बारे में कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

निर्माता नमित मल्होत्रा ने अगस्त में चीन में रिलीज की योजना पर बात की थी. उन्होंने कहा था कि फिल्म को दुनियाभर में रिलीज करने की योजना में चीन भी शामिल है. वहां बातचीत चल रही है और कुछ औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. फिल्म को वहां रिलीज करने के लिए जरूरी मंजूरियां मिलना बाकी हैं.

चीन में किसी विदेशी फिल्म को रिलीज करने के लिए कई नियमों से गुजरना पड़ता है. वहां हर फिल्म को आसानी से सिनेमाघरों तक पहुंचने की अनुमति नहीं मिलती. विदेशी फिल्मों के लिए इंपोर्ट कोटा तय है. इसके तहत हर साल 34 फिल्मों को रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर रिलीज करने की अनुमति दी जाती है. ‘रामायण’ को चीन में रिलीज होने के लिए वहां की सरकार से मंजूरी लेनी होगी. फिल्म को तय प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा.

चीन भारतीय फिल्मों के लिए एक उभरता हुआ बाजार है. अगर सोनी पिक्चर्स फिल्म ‘रामायण’ को चीन में रिलीज करती है तो यह उसके लिए फायदेमंद हो सकता है. क्योंकि बड़े स्टूडियो के पास वहां फिल्म रिलीज करने का अनुभव और नेटवर्क होता है. एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि चीन में ‘रामायण’ को अच्छा रिस्पॉन्स मिला तो इसकी वर्ल्डवाइड कमाई में बड़ा उछाल आ सकता है. फिल्म की कहानी, इमोशन और शानदार विजुअल्स चीनी दर्शकों को पसंद आ सकते हैं. अगर फिल्म को चीन में बड़े स्तर पर रिलीज किया गया और वहां अच्छी मार्केटिंग हुई, तो यह 200 से 300 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर सकती है. हालांकि, यह उनका अनुमान है. असली कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि फिल्म को कितने सिनेमाघर मिलते हैं और दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी रहती है.

अब आते हैं उस कनेक्शन पर, जिसकी वजह से ‘रामायण’ की चीन में रिलीज को लेकर इतनी चर्चा है. दरअसल, नितेश तिवारी वही निर्देशक हैं, जिन्होंने आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ बनाई थी. साल 2016 में रिलीज हुई इस फिल्म ने भारत में तो शानदार प्रदर्शन किया ही, चीन में भी कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए. ‘दंगल’ की कहानी महावीर सिंह फोगाट और उनकी बेटियों गीता और बबीता के संघर्ष पर आधारित थी. एक पिता का अपनी बेटियों को पहलवान बनाने का सपना और उनके संघर्ष की कहानी चीनी दर्शकों को खूब पसंद आई थी. फिल्म ने वहां करीब 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था. इसी सफलता ने इसे चीन में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल कर दिया.

आमिर खान की ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ ने भी चीन में जबरदस्त कमाई की थी. वहीं, श्रीराम राघवन की ‘अंधाधुन’ को भी वहां अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. लेकिन ‘रामायण’ और ‘दंगल’ की तुलना करना इतना आसान नहीं है. दोनों की कहानियां बिल्कुल अलग हैं. ‘दंगल’ में परिवार, संघर्ष और बेटियों के सपनों की कहानी थी. वहीं, ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित है. इसमें भगवान राम, सीता और रावण जैसे किरदारों के साथ बड़े स्तर पर एक पौराणिक दुनिया दिखाई गई है. नितेश तिवारी के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है, क्योंकि ‘दंगल’ के बाद वह एक बार फिर बड़े बजट और ग्लोबल अपील वाली फिल्म लेकर आए हैं. अब देखना होगा कि क्या उनका पिछला अनुभव इस बार भी काम आता है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link