Last Updated:
राणा सांगा का प्रतिमा स्थल समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के आवास से कुछ ही दूरी पर है. मार्च 2025 में राणा सांगा को लेकर राज्यसभा में दिए गए सुमन के बयान के बाद काफी विवाद हुआ था. भाजपा और क्षत्रिय संगठनों ने उनके बयान का विरोध किया था.
आगरा की खबर
शिवानी त्यागी , आगरा: आगरा में महाराणा राणा सांगा की प्रतिमा को लेकर सियासत फिर गर्माने के आसार हैं. एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब तिराहे पर 17 नवंबर को प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि पूजन किया गया. इस मौके पर एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे. खास बात यह है कि प्रतिमा स्थल समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के आवास से कुछ ही दूरी पर है. मार्च 2025 में राणा सांगा को लेकर राज्यसभा में दिए गए सुमन के बयान के बाद काफी विवाद हुआ था. भाजपा और क्षत्रिय संगठनों ने उनके बयान का विरोध किया था.
दरअसल, एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब तिराहे पर महाराणा राणा सांगा की भव्य अश्वारोही प्रतिमा स्थापित की जानी है. इसी को लेकर आज प्रतिमा के फाउंडेशन और चबूतरे का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया. कार्यक्रम में एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा समेत भाजपा के कई नेता शामिल हुए.
जानकारी के मुताबिक, प्रतिमा का निर्माण लखनऊ में कराया जा रहा है. यह करीब 12 फीट ऊंची और 18 टन वजनी कांस्य की अश्वारोही प्रतिमा होगी. इसके निर्माण पर उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग करीब 29 लाख रुपये खर्च करेगा. वहीं, नगर निगम करीब 16 लाख रुपये की लागत से 10 फीट ऊंचा फाउंडेशन, ग्रेनाइट का चबूतरा और स्टील की रेलिंग तैयार कराएगा.
इस प्रतिमा की स्थापना का राजनीतिक पहलू भी चर्चा में है. दरअसल, प्रतिमा स्थल से कुछ ही दूरी पर सपा सांसद रामजीलाल सुमन का आवास है. मार्च 2025 में राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर दिए गए उनके बयान पर देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे. भाजपा और क्षत्रिय संगठनों ने उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई थी.
अब उसी राणा सांगा की विशाल प्रतिमा सपा सांसद के आवास के पास स्थापित होने जा रही है. भाजपा नेता इसे राणा सांगा के शौर्य और ऐतिहासिक सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं. ऐसे में प्रतिमा की स्थापना के साथ ही इस स्थान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो सकती हैं. अब देखना होगा कि प्रतिमा स्थापित होने के बाद आगरा की सियासत में इस मुद्दे पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.