Last Updated:
Nurpura Kheda Sarpanch Chunav Tonk : टोंक जिले की नूरपुरा खेड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच का चुनाव खासा सुर्खियों में बना हुआ है. यहां रजनी देवी ने महज 1 वोट के अंतर से अपने प्रतिद्वंदी जैना देवी को चुनाव हराकर सरपंच की कुर्सी पर कब्जा किया है. नूरपुरा खेड़ा पंचायत के इस चुनाव को राजस्थान पंचायत चुनावों में सबसे करीबी और रोमांचक मुकाबला बताया जा रहा है. राजस्थान में इससे पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी महज 1 वोट के अंतर से विधानसभा का चुनाव हार चुके हैं. उस समय जोशी की 1 वोट से हुई हार ने सियासी गलियारों में तूफान ला दिया था. उनकी हार देशभर में चर्चा का विषय रही थी. अब नूरपुरा ग्राम पंचायत में भी वैसा ही खेला हो गया.
टोंक की नूरपुरा खेड़ा ग्राम पंचायत में रजनी देवी ने अपनी प्रतिद्वंदी जैना देवी को 1 वोट से हराया है.
दौलत पारीक.
टोंक. राजस्थान में पंचायत चुनाव के चौथे चरण में सरपंच पद के लिए हुए मुकाबले में टोंक जिले की एक पंचायत के नतीजों ने सबको चौंका दिया. टोंक जिले की नूरपुरा खेड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ है. यहां रजनी देवी ने जैना देवी को महज एक वोट से हराकर सरपंच की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया. यह मुकाबला राजस्थान में पंचायत चुनाव के लिए चार चरणों में हुई वोटिंग में सबसे करीबी मुकाबला माना जा रहा है. नूरपुरा खेड़ा पंचायत का यह चुनाव खासा चर्चा में है और सोशल मीडिया पर भी छाया हुआ है.
जानकारी के अनुसार टोंक जिले की टोंक पंचायत समिति के नूरपुरा खेड़ा गांव का चुनाव परिणाम पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां सरपंच पद के लिए कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे. वोटिंग के दिन कुल 1816 मतदाताओं ने वोट डाले. 10 प्रत्याशियों में मुख्य मुकाबला रजनी देवी और जैना देवी में रहा. मतगणना के दौरान दोनों का पलड़ा लगभग बराबर चलता. कांटे के टक्कर देखकर दोनों प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की सांसें ऊपर नीचे होती रही.
रजनी देवी को 294 वोट मिले
आखिरकार इस मुकाबले को रजनी देवी ने जीत लिया. रजनी देवी को कुल 294 और जैना देवी को 293 वोट मिले. रजनी देवी का चुनाव चिन्ह भिंडी था. परिणाम घोषित होते ही रजनी देवी के समर्थकों में खुशी की लहर छा गई और वहां जश्न का माहौल हो गया. हालांकि जैना देवी के समर्थकों को महज एक वोट के अंतर से हुई हार का बहुत दुख हुआ लेकिन उन्हें इस बात का संतोष रहा कि उन्होंने मुकाबला अंत तक और पूरी शिद्दत से किया.
सरपंच का चुनाव बेहद कठिन होता है
दरअसल सरपंच का चुनाव बेहद कठिन माना जाता है. इसके पीछे वजह है कि एक पंचायत में सीमित वोट होते हैं. एक-एक वोटर की जानकारी प्रत्याशियों और ग्रामीणों के टिप्स पर होती है. इसके चलते गांव में जनता का झुकाव किसकी तरफ ज्यादा है इसका अंदाजा लगा लिया जाता है. लेकिन चुनाव तो चुनाव होता है. कब किसका मूड बदल जाए कहा नहीं जा सकता. इसलिए पंचायत चुनाव में एक-एक वोट पर लोगों की नजर रहती है. ग्रामीण राजनीति के जानकारी और गांव के बड़े बुजुर्ग पहले ही भांप लेते हैं कि किसकी जीत की संभावना है.
नाथद्वारा विधानसभा सीट पर जोशी एक वोट से हार गए थे
राजस्थान में तो इससे पहले राजसमंद की नाथद्वारा विधानसभा सीट पर भी 1 वोट के अंतराल से हार जीत हो चुकी है. साल 2008 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री सीपी जोशी अपने प्रतिद्वंदी बीजेपी के कल्याण सिंह केवल एक वोट के अंतर से चुनाव हार गए थे. जोशी की यह हार देशभर में चर्चा का विषय रही थी. विधानसभा चुनाव में प्रति विधानसभा वोटर्स की संख्या लाखों में होती है.
जोशी सीएम की कुर्सी की रेस में नंबर वन दावेदार माने जा रहे थे
उनमें एक वोट से चुनाव हार जाना बड़ी बात है. इसमें सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि जोशी उस समय कांग्रेस सीएम के सबसे धाकड़ उम्मीदवार माने जा रहे थे. वे सीएम की कुर्सी की रेस में नंबर वन माने जा रहे थे. उस चुनाव में कांग्रेस जीती थी और सत्ता में भी आई थी. अशोक गहलोत दूसरी बार मुख्यमंत्री चुने गए थे. लेकिन एक वोट से हार के कारण जोशी सीएम की रेस से बाहर हो गए थे. अब टोंक जिले की नूरपुरा खेड़ा पंचायत चुनाव के परिणाम ने सीपी जोशी की हार वाले किस्से को फिर से चर्चा में ला दिया है.