Last Updated:
Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में आज सुबह-सुबह आए भूकंप ने हड़कंप मचा दिया. दरअसल यहां पर 6 मैग्नीट्यूड के भूकंप के दौरान लोग काफी डर गए और अपने घरों से बाहर निकलने लगे. भूकंप तुआल के पास आया था और इसकी गहराई 68 किलोमीटर अंदर थी.
इंडोनेशिया में डोली धरती. (सांकेतिक तस्वीर- रॉयटर्स)
Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में आज सुबह-सुबह एक बार फिर से धरती डोल गई. इस बार 6.6 मैग्नीट्यूड के भूकंप ने देश के पश्चिमी-दक्षिणी तट पर तुआल को हिला दिया. यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक तुआल से 148 किलोमीटर की दूरी पर ये झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र धरती के अंदर 68 किलोमीटर की गहराई में मौजूद था. गनीमत ये रही कि भूकंप की वजह से अब तक किसी के जख्मी होने की खबर नहीं आई है.
कई रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया है कि देश के बांदा सागर में भूकंप की तीव्रता 6.8 की रही और भूकंप काफी तेज था. इसके झटके पूर्वी इंडोनेशिया के कई इलाकों में महसूस किए गए. स्थिति ये थी कि भूकंप के बाद लोगों में डर का माहौल बन गया. हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है. इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान एजेंसी के मुताबिक भूकंप आज सुबह स्थानीय समय के अनुसार 4 बजकर 11 मिनट पर आया. शुरुआत में इसकी तीव्रता 7.1 बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे कम करके 6.8 मैग्नीट्यूड कर दिया गया.
भूकंप के बाद नहीं आए आफ्टरशॉक
भूकंप और सुनामी विभाग की ओर से बताया गया कि भूकंप का केंद्र समुद्र में था. यह दक्षिण-पूर्व मालुकू से करीब 132 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित था. भूकंप की गहराई समुद्र के नीचे लगभग 97 किलोमीटर दर्ज की गई. उन्होंने बताया कि भूकंप के बाद किए गए वैज्ञानिक आकलन में सुनामी आने की आशंका नहीं मिली है. सुबह 4 बजकर 25 मिनट तक एजेंसी को किसी नए आफ्टरशॉक यानी भूकंप के बाद आने वाले झटके की जानकारी भी नहीं मिली थी. हालांकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
कई शहरों में महसूस हुए झटके
भूकंप का असर इंडोनेशिया के कई शहरों में महसूस किया गया. प्रमुख रूप से सौमलाकी, तुआल, सोरोंग और मनोक्वारी के लोगों ने झटके महसूस होने की जानकारी दी. स्थानीय लोगों के मुताबिक कंपन ऐसा था जैसे कोई भारी ट्रक सड़क से गुजर रहा हो. वहीं, नबीरे में इस दौरान हल्के झटके महसूस किए गए. घटना के बाद BMKG ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. हालांकि इस बात की पुष्टि हुई है कि जिन इमारतों में दरारें आ गई हैं या जिन्हें नुकसान पहुंचा है, उनसे दूर रहें.