Last Updated:
Balod News: बालोद के गंजपारा स्थित गुरुद्वारा के सामने UIDAI का आधार सेवा केंद्र लोगों को बड़ी राहत दे रहा है. यहां नया आधार मुफ्त बनता है. नाम, पता, जन्मतिथि और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा सरकारी शुल्क पर मिलती है. खास बात यह है कि यह सेंटर रविवार को भी सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक खुला रहता है.
बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद में आधार कार्ड बनवाने, उसमें नाम-पता बदलवाने या जन्मतिथि और अन्य जानकारियों में सुधार कराने के लिए अब लोगों को भटकने की जरूरत नहीं है. शहर के गंजपारा स्थित गुरुद्वारा के सामने UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) द्वारा आधार सेवा केंद्र संचालित किया जा रहा है. यहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के आधार से जुड़े विभिन्न काम सरकारी निर्धारित शुल्क पर किए जा रहे हैं. खास बात यह है कि नया आधार कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता.
सेवा केंद्र के ऑपरेशन मैनेजर चंद्रशेखर साहू ने लोकल 18 को बताया कि यहां किसी भी उम्र के व्यक्ति का नया आधार कार्ड बनाया जाता है. इसके अलावा आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग में सुधार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. बच्चों का आधार पंजीयन और निर्धारित आयु वर्ग में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी कराया जा सकता है. केंद्र में किसी भी काम के लिए सरकारी शुल्क से अधिक पैसे नहीं लिए जाते.
इतना देना होगा सरकारी शुल्क
आधार सेवा केंद्र में बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये, डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 75 रुपये और डॉक्यूमेंट अपलोड कराने के लिए 75 रुपये निर्धारित हैं. वहीं आधार कार्ड का प्रिंट आउट निकलवाने के लिए 40 रुपये देने होते हैं. नया आधार कार्ड बनवाने की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है.
रविवार को भी मिलेगी सुविधा
इस केंद्र की एक और खासियत यह है कि यह सप्ताह के सातों दिन खुला रहता है. रविवार को भी लोग आधार संबंधी काम करा सकते हैं. केंद्र का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित है. यहां प्रशिक्षित कर्मचारियों की टीम लोगों के दस्तावेज और बायोमेट्रिक प्रक्रिया से जुड़े काम करती है. लोगों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी और एयर कंडीशनर भी लगाया गया है.
एक हाथ या आंख न होने पर भी बन सकता है आधार
इस केंद्र की सबसे महत्वपूर्ण सुविधा दिव्यांग और विशेष जरूरत वाले लोगों के लिए है. सामान्य तौर पर आधार पंजीयन में फिंगरप्रिंट और आई स्कैन की जरूरत होती है लेकिन किसी व्यक्ति का हाथ या आंख न होने की स्थिति में भी UIDAI के निर्धारित वैकल्पिक प्रावधानों के तहत आधार पंजीयन कराया जा सकता है. इससे ऐसे लोगों को भी आधार जैसी महत्वपूर्ण पहचान सुविधा का लाभ मिल सकता है.
इस तरह बालोद का यह आधार सेवा केंद्र लोगों को पारदर्शी शुल्क, प्रशिक्षित स्टाफ और बेहतर सुविधाओं के साथ आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध करा रहा है.