जिस यूनिवर्सिटी से की PhD, वहीं गरीब छात्रों के लिए खोल दिया हॉस्टल, रहने-खाने से लेकर पढ़ाई तक की फ्री सुविधा

जिस यूनिवर्सिटी से की PhD, वहीं गरीब छात्रों के लिए खोल दिया हॉस्टल, रहने-खाने से लेकर पढ़ाई तक की फ्री सुविधा


Last Updated:

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने वाले डॉ. विकास चंदेल ने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए मुफ्त स्वामी विवेकानंद छात्रावास शुरू किया है. यहां छात्रों को रहने, खाने और पढ़ाई की पूरी सुविधा मुफ्त दी जाती है. किसी के पास रहने की व्यवस्था नहीं होती तो उन विद्यार्थियों की मदद के लिए छात्रावास शुरू किया गया है.

शहडोल. कहते हैं कि शिक्षा का असली उद्देश्य सिर्फ खुद आगे बढ़ना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी उजाला लाना है. मध्य प्रदेश के अनूपपुर स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने वाले डॉ. विकास चंदेल ने इसी सोच को अपनी जिंदगी का उद्देश्य बना लिया. जिस विश्वविद्यालय में उन्होंने खुद पढ़ाई की, उसी परिसर के आसपास आज वह आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए मुफ्त छात्रावास चला रहे हैं. खास बात यह है कि यहां रहने वाले विद्यार्थियों से न तो हॉस्टल का किराया लिया जाता है और न ही खाने-पीने का कोई शुल्क. विद्यार्थियों के रहने, खाने और पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों का इंतजाम भी डॉ. चंदेल खुद कर रहे हैं.

डॉ. विकास चंदेल ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय से ही स्नातक, स्नातकोत्तर और सोशल वर्क विभाग में PhD की पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिर्फ नौकरी और अपने करियर तक सीमित रहने के बजाय जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए कुछ करने का फैसला किया. उन्होंने महसूस किया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आदिवासी अंचल में पढ़ने आने वाले कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी आर्थिक परेशानियों के कारण अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाते. किसी के पास रहने की व्यवस्था नहीं होती तो किसी के लिए खाने और दूसरे खर्चों का इंतजाम करना मुश्किल होता है. इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने विद्यार्थियों की मदद के लिए छात्रावास शुरू किया.

स्वामी विवेकानंद के नाम से चल रहा छात्रावास
डॉ. विकास चंदेल ने अपने छात्रावास का नाम स्वामी विवेकानंद छात्रावास रखा है. यहां आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को रहने और खाने की सुविधा पूरी तरह मुफ्त दी जाती है. छात्रावास में पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों की दूसरी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाता है. यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थी आकर पढ़ाई कर रहे हैं. डॉ. चंदेल का प्रयास है कि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई सिर्फ पैसों की कमी के कारण न रुके.

सिर्फ रहने-खाने की सुविधा नहीं, भविष्य संवारने की भी कोशिश
डॉ. विकास चंदेल की पहल केवल हॉस्टल तक सीमित नहीं है. वह विद्यार्थियों के लिए अलग से कक्षाएं भी आयोजित करवाते हैं, जहां उन्हें पढ़ाई के साथ जीवन में आगे बढ़ने, अच्छी आदतें अपनाने और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी बातें सिखाई जाती हैं. विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के अवसर भी दिए जाते हैं. इसी छात्रावास में एक विद्यार्थी ने गौड़ पेंटिंग बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया है.

छात्रावास में रहने वाला एक विद्यार्थी बना मध्य प्रदेश पुलिसकर्मी
इस पहल का सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगा है. डॉ. विकास चंदेल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाले एक विद्यार्थी का चयन मध्य प्रदेश पुलिस में हुआ है. यह उपलब्धि न सिर्फ उस विद्यार्थी के लिए बल्कि छात्रावास से जुड़े सभी लोगों के लिए गर्व की बात है. यह दिखाता है कि सही माहौल, मार्गदर्शन और सहयोग मिलने पर आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी भी अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं.

छात्रावास को और बड़ा बनाने का है सपना
डॉ. विकास चंदेल का सपना इस छात्रावास को और बड़ा करने का है, ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके. उनका प्रयास है कि आर्थिक परेशानी किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने. जिस विश्वविद्यालय से उन्होंने अपनी शिक्षा पूरी की, उसी क्षेत्र में विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की उनकी यह कोशिश समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है. यह कहानी एक ऐसे व्यक्ति की है, जिसने अपनी डिग्री को सिर्फ नौकरी पाने का जरिया नहीं बनाया, बल्कि दूसरों के सपनों को पूरा करने का माध्यम बना लिया.



Source link