Last Updated:
UP Police DGP Rajeev Krishna : उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण 1991 बैच के IPS अधिकारी हैं. वह यूपी एटीएस के पहले चीफ रह चुके हैं और 60,244 कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने के लिए चर्चा में आए. जानिए उनकी शिक्षा, पुलिस करियर और अब तक की प्रमुख उपलब्धियों के बारे में.
UP Police DGP Rajeev Krishna: राजीव कृष्ण यूपी के गौतमबुद्ध नगर के ही रहने वाले हैं.
UP Police DGP Rajeev Krishna : राइजिंग भारत समिट 2026 में यूपी पुलिस के डीजीपी IPS राजीव कृष्ण ने शिरकत की. उन्हें 31 मई 2026 को प्रदेश का पूर्णकालिक पुलिस डीजीपी नियुक्त किया गया था. इससे पहले वह करीब एक साल तक कार्यवाहक डीजीपी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में 60,244 कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कराना उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है. डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि उनके कार्यकाल में रिकॉर्ड 60 हजार से अधिक पुलिस कांस्टेबल की भर्ती हुई.
इस पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए करीब 48 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे. इतनी बड़ी संख्या में आवेदन इसे दुनिया की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा बनाते हैं. आइए जानते हैं आईपीएस राजीव कृष्ण के बारे में.
ECE में किया है बीटेक
राजीव कृष्ण मूलत: उत्तर प्रदेश के ही गौतमबुद्ध नगर जिले के रहने वाले हैं. 26 जून 1969 को जन्मे राजीव कृष्ण ने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री ली है. इसके बाद वह वर्ष 1991 में भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए. राजीव कृष्ण अपने लंबे पुलिस करियर के दौरान फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, लखनऊ और नोएडा समेत कई जिलों में पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर रहे. इसके अलावा उन्होंने लखनऊ जोन के एडीजी और आगरा जोन के एडीजी के रूप में भी काम किया.
यूपी एटीएस के पहले चीफ
वर्ष 2008 में उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की स्थापना के समय वह इसके पहले प्रमुख बने. केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जम्मू फ्रंटियर की जिम्मेदारी भी संभाली.
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती ने दिलाई ख्याति
आईपीएस राजीव कृष्ण को राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक ख्याति पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2024 से मिली. दरअसल, फरवरी 2024 में आयोजित यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के चलते रद्द कर दी गई थी. इसके बाद सरकार ने मार्च 2024 में राजीव कृष्ण को पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपी. उनकी अध्यक्षता में भर्ती परीक्षा दोबारा आयोजित की गई. इस भर्ती के लिए करीब 48.17 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. परीक्षा 1,174 केंद्रों पर 10 पालियों में कराई गई और इसके माध्यम से 60,244 कांस्टेबलों का चयन किया गया. परीक्षा की निगरानी और पारदर्शिता के लिए तकनीक, बायोमेट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी जैसी व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया गया.