गन्ने की खेती से पहले खेत में जरूर करें ये काम, एक बीज से निकलेंगे 10-15 पौधे
Last Updated:
Sugarcane Farming Tips: बिहार के जमुई जिले में इस बार बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती की जा रही है. किसान बेहतर पैदावार के लिए भुरभुरी मिट्टी तैयार करें और रसायनों की जगह गोबर की खाद का इस्तेमाल करें. इससे बंपर पैदावार होने की संभावना है.
जमुई: गन्ने की खेती का सीजन शुरू हो गया है और जमुई जिले में भी इस बार बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती की योजना बनाई गई है. पूरे बिहार के साथ-साथ जमुई जिले में भी कई वर्षों के बाद इस बार गन्ने की खेती हो रही है. इसे लेकर जिले में एकमात्र गन्ना नर्सरी का भी संचालन किया जा रहा है. जहां से किसान बीज प्राप्त कर सकते हैं. अगर आप गन्ना की खेती करने का मन बना रहे हैं, तो कुछ ऐसी चीज हैं, जिसे आप अगर जान लें तो आपके खेती में आपको मुनाफा होगा.
इससे आपके गन्ने की फसल की उपज बेहतर हो जाएगी और आपको किसी तरह के परेशानी का भी सामना नहीं करना पड़ेगा. गन्ना नर्सरी के संचालक प्रवीण कुमार सिंह बताते हैं कि गन्ना उगाने के लिए बहुत अधिक खाद की आवश्यकता नहीं होती है. यह एक ऐसी फसल है, जिसमें आप जितना कम रसायन डालते हैं, आपकी फसल उतनी ही अच्छी होती है और उसका स्वाद उतना बढ़िया होता है.
सबसे पहले तैयार कर लें खेत
प्रवीण कुमार सिंह बताते हैं कि गन्ने की खेती करने के लिए सबसे पहले खेत तैयार करना सबसे जरूरी हिस्सा होता है. उन्होंने बताया कि गन्ने की खेती के लिए खेत बनाने के दौरान आपको यह ध्यान देना चाहिए कि जब आप गन्ने की खेती कर रहे हों, तो आपका मिट्टी एकदम भुरभुरा होना चाहिए. उन्होंने बताया कि आलू और गन्ना एक ऐसी फसल है. जो भुरभुरी मिट्टी में सही तरीके से पनपता है.
उन्होंने बताया कि गन्ने के एक बीज में से करीब 10 से 15 पौधे निकलते हैं. ऐसे में अगर मिट्टी भुरभुरी होगी, तो उसे पर्याप्त मात्रा में हवा, नमी और अन्य पोषक तत्व मिल सकेंगे. इसके लिए आप खेत की अच्छी तरीके से जुताई करें, जिससे आपकी सारी मिट्टी भुरभुरी हो जाए. उसके बाद ही उसमें गन्ना लगाएं. ऐसा करने से आप अपने उत्पादन को बढ़ा सकते हैं.
रसायन और उर्वरक की जगह करें ये इस्तेमाल
प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि गन्ने की खेती में आप जितना कम रसायन और उर्वरक का इस्तेमाल करेंगे, उतना बढ़िया होगा. उन्होंने बताया कि किसानों को चाहिए कि वह रसायनों की जगह गोबर की खाद का इस्तेमाल करें. अगर आपके आसपास वर्मी कंपोस्ट मिलता हो, तो उसका इस्तेमाल करें. ऐसा करने से आप जैविक तरीके से गन्ने की खेती कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि इससे पहले गन्ने के बीज को अच्छे तरीके से जैविक विधि से उपचारित कर लें. इससे आपके गन्ने में कभी कोई बीमारी नहीं होगी. प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि एक एकड़ खेत में करीब तीन ट्रैक्टर गोबर का खाद इस्तेमाल करें. इतना ही गन्ने की खेती के लिए पर्याप्त होता है. अगर आप भी गन्ना की खेती करना चाहते हैं, तो यह तरीका आपके काफी काम आ सकते हैं.