Last Updated:
Rajasthan Panchayat Elections 2026 : राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण में ब्यावर जिले की कुशालपुरा ग्राम पंचायत में किन्नर समुदाय की मनीषा बाई ने सरपंच का चुनाव जीत कर इतिहास रच दिया है. मनीषा बाई ने यह चुनाव 301 वोटों से जीता है. मनीषा बाई की जीत के चर्चे पूरे जिले में हो रहे हैं. राजस्थान में पंचायत चुनाव के लिए वोटिंग के चारों चरण पूरे हो गए हैं. अब जिला प्रमुख और पंचायत समिति सदस्यों के लिए हुए मतदान की काउंटिंग 20 नवंबर को होगी.
किन्नर मनीषा बाई की जीत के चर्चे पूरे इलाके में हो रहे हैं.
ब्यावर. राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए सोमवार को सरंपचों और वार्ड पंचों के चुनाव हो गए हैं. इस चरण में एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक भागीदारी की नई तस्वीर पेश की है. इन चुनावों में पाली से सटे ब्यावर जिले के रायपुर मारवाड़ कुशालपुरा ग्राम पंचायत में किन्नर समुदाय की मनीषा बाई ने सरपंच पद पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है. यहां मनीषा बाई ने 301 मतों से जीत दर्ज कराकर सामाजिक पहचान और समानता का संदेश दिया है.
किन्नर समुदाय की प्रतिनिधि के सरपंच बनने की पूरे इलाके में जबर्दस्त चर्चा हो रही है. मनीषा बाई की जीत कुशालपुरा ग्राम पंचायत में जश्न का माहौल है. मनीषा बाई की जीत ने साबित किया कि लोकतंत्र में नेतृत्व का अधिकार किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है बल्कि सभी को समान अधिकार है. अब सरपंच के रूप में गांव के विकास और ग्रामीणों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी पहली चुनौती होगी. मनीषा बाई ने 301 मतों की जीत के साथ कुशालपुरा में अपनी नई पहचान बनाई है.
पंचायत चुनाव संपन्न हुए
गांव में पेयजल, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. राजस्थान में इसके साथ ही पंचायत चुनाव संपन्न हो गए हैं. राजस्थान में ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के तहत इस बार नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ कराए गए हैं. कुछ दिन पहले पूरे राजस्थान में विभिन्न चरणों में नगरीय निकाय चुनाव कराए गए थे. उसके बाद अब चार चरणों में पंचायत चुनाव कराए गए हैं.
20 नवंबर को होगी कांउटिंग
पंचायत चुनाव का चौथा और अंतिम चरण सोमवार को पूरा हो गया. चौथे चरण के तहत 25 जिलों की सैंकड़ों पंचायतों में अब आज उप सरंपचों का चुनाव की प्रकिया की चल रही है. सरपंचों और वार्ड पंचों का चुनाव परिणाम सोमवार देर रात तक आ गए थे. अब चारों चरणों में आयोजित हुए जिला परिषद और पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव का परिणाम 20 नवंबर को एक साथ आएगा. उसके बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधानों के चुनाव होंगे.
कई जगह से हिंसा की खबरें भी सामने आई
राजस्थान पंचायत चुनाव के लिए हुए इन चरणों में कई जगह से हिंसा की खबरें भी सामने आई. सरपंचों के चुनाव नतीजों के दौरान और उससे पहले वोटिंग के दौरान कई जगह हिंसा की घटनाएं हुई हैं. झुंझुनूं के खेतड़ी इलाके में चुनावी तनातनी में एक पूर्व सरपंच की हत्या कर दी गई. वहीं बांसवाड़ा की बावड़ी निनामा पंचायत में सोमवार रात को सरंपच पद का चुनाव परिणाम आने पर भारी बवाल हो गया था. वहां जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी फूंक दी गई और पोलिंग पार्टी पर पथराव भी किया गया. वहां 32 वोटों से हारे प्रत्याशी ललित कुमार के समर्थकों ने यह हमला किया था. इसमें कई कर्मचारी घायल हो गए थे. बाद में पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया था.