कभी किट बैग देखकर पूछा था- साड़ी बेचते हो क्या? सुरेश रैना ने सुनाया संघर्ष का किस्सा

कभी किट बैग देखकर पूछा था- साड़ी बेचते हो क्या? सुरेश रैना ने सुनाया संघर्ष का किस्सा


होमखेलक्रिकेट

कभी किट बैग देखकर पूछा था- साड़ी बेचते हो? रैना ने सुनाया संघर्ष का किस्सा

Last Updated:

न्यूज18 इंडिया के इवेंट राइजिंग भारत में शिरकत करते हुए सुरेश रैना ने आज के युवा क्रिकेटरों को IPL की जगह घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने का सुझाव दिया. रैना ने ये भी बताया कि कभी लखनऊ की गलियों में किट बैग लेकर जाने पर उनसे पूछा गया था कि उसमें साड़ी-सूट बेच रहे हो क्या? आज वही रैना यूपी के छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाओं के लिए ज्यादा घरेलू टीमों की वकालत कर रहे हैं.

Zoom

राइजिंग भारत में सुरेश रैना

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में सुरेश रैना की पहचान उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी, शानदार फील्डिंग और बड़े मैचों में खेलने की क्षमता के लिए रही है. IPL में उनकी पारियों की चर्चा आज भी होती है, लेकिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर के करियर की सबसे खास याद कोई बड़ी T20 पारी या पांच IPL खिताब नहीं है. रैना ने न्यूज18 इंडिया के इवेंट राइजिंग भारत में अपने संघर्षों की कहानी सुनाई.

रैना ने बताया कि उनके करियर का सबसे यादगार पल 2005-06 में उत्तर प्रदेश को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताना है. यही वजह है कि आज वह युवा क्रिकेटरों को IPL के पीछे भागने के बजाय अपने राज्य के लिए प्रदर्शन करने की सलाह दे रहे हैं.

रैना ने बताया कि जब वह लखनऊ में किट बैग लेकर स्टेट रोडवेज की बसों से सफर करते थे, तब एक मोहल्ले से गुजरते हुए एक महिला ने उनसे पूछ लिया था कि बैग में क्या बेच रहे हो? क्या उसमें साड़ी और सूट हैं? यह बात उन्हें चुभ गई थी. उन्होंने उसी समय ठान लिया कि एक दिन इसी मोहल्ले में भारतीय टीम की जर्सी पहनकर लौटेंगे.

रैना ने अपना वादा निभाया. अंडर-19 क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद जब वह उसी इलाके में लौटे तो वही महिला उनके साथ तस्वीर खिंचवाना चाहती थी. रैना के लिए यह सिर्फ पहचान मिलने का क्षण नहीं था, बल्कि उस संघर्ष का जवाब भी था, जिसे उन्होंने अपने शुरुआती दिनों में झेला था.

रैना का मानना है कि युवा खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी क्रिकेट के आकर्षण में अपना लक्ष्य नहीं भूलना चाहिए. उन्होंने उत्तर प्रदेश की मौजूदा टीम के खिलाड़ियों को साफ संदेश दिया है कि पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने पर ध्यान लगाएं, IPL कॉन्ट्रैक्ट की चिंता बाद में करें.

उन्होंने अपने कप्तानी के दिनों का उदाहरण देते हुए बताया कि 2016 में उत्तर प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती थी, इसके बाद जब वह गुजरात लायंस के कप्तान बने तो उत्तर प्रदेश के आठ-दस खिलाड़ियों को अपने साथ लेकर गए. रैना ने कहा कि टीम उनकी थी, लेकिन उसमें खेलने वाले सभी खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के थे.

रैना ने उत्तर प्रदेश में चार से छह घरेलू टीमें बनाने की वकालत भी की. उनका तर्क है कि जब गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में अलग-अलग टीमें हैं तो उत्तर प्रदेश में भी प्रतिभाओं को ज्यादा अवसर मिलने चाहिए. उन्होंने मोहसिन खान, समीर रिजवी, रिंकू सिंह, कार्तिक त्यागी और यश दयाल जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण दिया.



Source link