Last Updated:
Jodhpur MDM Hospital News: जोधपुर में आपसी विवाद के दौरान एक युवक के शरीर में चार फीट लंबी शॉवर पाइप डाले जाने का मामला सामने आया है. मथुरादास माथुर अस्पताल के डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर युवक की जान बचाई.
जोधपुर: जोधपुर में आपसी विवाद के दौरान हिंसा की एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. विवाद के दौरान एक युवक के शरीर में मलद्वार के रास्ते करीब चार फीट लंबी बाथरूम शॉवर पाइप डाल दी गई. पाइप बड़ी आंत को चीरते हुए पेट के अंदर तक पहुंच गई और वहीं फंस गई. युवक की हालत गंभीर होने पर उसे मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन कर पाइप को बाहर निकाला. गनीमत रही कि डॉक्टरों की सतर्कता से कई महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान होने से बचा लिया गया. खास बात यह है कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना के तहत यह पूरा ऑपरेशन निःशुल्क किया गया.
जनरल सर्जरी विभाग के आचार्य एवं यूनिट प्रभारी डॉ. दिनेश दत्त शर्मा के नेतृत्व में सर्जिकल टीम ने जटिल ऑपरेशन किया. ऑपरेशन के दौरान आंत में चीरा लगाकर करीब चार फीट लंबी पाइप को बेहद सावधानी से बाहर निकाला गया. पाइप के अंदर तक पहुंचने से मूत्रवाहिनी, महाधमनी, बड़ी रक्तवाहिनियों और छोटी आंत को नुकसान पहुंचने का खतरा था. ऐसी स्थिति में अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर संक्रमण से मरीज की जान भी जा सकती थी. चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण अंगों को सुरक्षित रखते हुए आंत की चोट का उपचार किया और ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया.
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने संभाला मोर्चा, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार
इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन में डॉ. दिनेश दत्त शर्मा के साथ डॉ. पारंग आसेरी, डॉ. प्रगेश, डॉ. सुची तांबी और डॉ. उमेश कुमार शामिल रहे. वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. गीता सिंगारिया, डॉ. राजवीर फरौदा, डॉ. धीरज चांडक और डॉ. आभाष छाबड़ा ने अहम भूमिका निभाई. नर्सिंग ऑफिसर रेखा पंवार, सुमेर सिंह राजपुरोहित, अब्दुल वाहिद और रेणुका जोशी ने भी सहयोग किया. ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और फिलहाल उसकी हालत अच्छी बताई जा रही है.
मां योजना में पूरी तरह निःशुल्क हुआ ऑपरेशन, अस्पताल प्रशासन ने की हिंसा से बचने की अपील
अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि चिकित्सकीय दृष्टि से यह बेहद चुनौतीपूर्ण मामला था, जिसे विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक संभाला. मरीज की पूरी सर्जरी मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना के तहत निःशुल्क की गई. वहीं डॉ. बी.एस. जोधा, प्राचार्य एवं नियंत्रक, डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज ने पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने आमजन से अपील की कि आपसी विवाद को हिंसा में न बदलें।.शरीर में कोई बाहरी वस्तु फंसने पर शर्म या संकोच न करें और उसे स्वयं निकालने का प्रयास करने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचें.