Last Updated:
Pushkar Fair Special Buses: विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजस्थान रोडवेज 17 नवंबर से स्पेशल बसों का संचालन शुरू करेगा. 19 से 24 नवंबर तक बसों की संख्या बढ़ाकर 90 से 100 तक की जा सकती है. वहीं, मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को देखते हुए बसों का रूट भी बदला गया है.
अजमेर. विश्व विख्यात पुष्कर मेले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए राजस्थान रोडवेज की ओर से विशेष बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है. 17 नवंबर यानी मंगलवार से पुष्कर मेले के लिए स्पेशल बसें चलेंगी, इसके लिए अजमेर आगार की ओर से तैयारियां पूरी कर ली है. मेले के दौरान यात्रियों को आवागमन में परेशानी नहीं हो इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने बसों की विशेष व्यवस्था की है.
अजमेर आगार के चीफ मैनेजर बलवंत सिंह ने बताया कि 17 नवंबर से अजमेर आगार की स्थानीय बसों के फेरे पुष्कर के लिए शुरू करवाए जाएंगे. इसके बाद 18 नवंबर से अन्य डिपो से मेले के लिए पहुंचने वाली बसों को भी क्रमवार संचालन में लगाया जाएगा. उन्होंने आगे बताया कि मेले में आने वाली भीड़ को देखते हुए 19 से 24 नवंबर तक बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. आवश्यकता पड़ने पर अजमेर और अन्य आगारों की बसों को मिलाकर इनकी संख्या 90 से 100 तक की जा सकेगी.
बसों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है
पुष्कर मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रोडवेज बसों के मार्ग में भी बदलाव किया है. बसों का संचालन अजमेर से पुष्कर आते-जाते समय पुष्कर घाटी से नहीं होगा बल्कि अजमेर से माकड़वाली और होकरा होते हुए पुष्कर पहुंचेंगी। इसी मार्ग से बसों की वापसी भी होगी. अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले की विधिवत शुरुआत 17 नवंबर को झंडारोहण के साथ होगी. इसके बाद मेले में विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. इन प्रतियोगिताओं को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के पुष्कर पहुंचने की संभावना है. मेले में ऊंट और घोड़ों की प्रतियोगिताओं के साथ राजस्थानी संस्कृति से जुड़ी कई गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहती है.