नई दिल्ली (Medical College Selection Guide). हर साल लाखों युवा एमबीबीएस की पढ़ाई का सपना देखते हैं. लेकिन सिर्फ मेडिकल कॉलेज की चमक-दमक देखकर या दोस्तों-रिश्तेदारों की सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा करके एडमिशन का फैसला लेना भारी पड़ सकता है. आज के समय में देश-विदेश में सैकड़ों मेडिकल कॉलेज खुल चुके हैं. ऐसे में सही कॉलेज चुनना बहुत बड़ा टास्क बन गया है. एक गलत फैसला फीस के लाखों-करोड़ों रुपए पानी में डुबो सकता है.
एमबीबीएस के लिए बेस्ट मेडिकल कॉलेज कैसे चुनें?
एमबीबीएस दुनिया के सबसे कठिन कोर्सेस में से एक है. इसके लिए मेडिकल कॉलेज में एडमिशन ले पाना आसान नहीं है. पहले देश की सबसे कठिन परीक्षा यानी नीट पास करनी होती है. फिर उसकी रैंक के आधार पर नीट यूजी काउंसलिंग के जरिए मेडिकल कॉलेज में एडमिशन मिलता है. उसमें भी कई बार लाखों-करोड़ों की फीस देखकर अभ्यर्थी एडमिशन नहीं ले पाते हैं. जानिए मेडिकल कॉलेज चुनते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है:
1. MCI/NMC मान्यता और कॉलेज का लीगल स्टेटस
सबसे पहले चेक कर लें कि कॉलेज नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से अप्रूव्ड है या नहीं. कई बार कॉलेज अपनी वेबसाइट पर मान्यता का झूठा दावा करते हैं. एनएमसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर कॉलेज की सीट कैपेसिटी और परमिशन का साल जरूर क्रॉस-चेक करें.
2. पेशेंट फ्लो और हॉस्पिटल का साइज
डॉक्टर किताबों से नहीं, मरीजों को देखकर बनता है. कॉलेज से जुड़ा हुआ हॉस्पिटल कितना बड़ा है और वहां रोजाना कितने मरीज आते हैं, यह सबसे बड़ा पॉइंट है. अगर हॉस्पिटल में मरीज ही नहीं आएंगे तो प्रैक्टिकल एक्सपोजर (Clinical Exposure) भी नहीं मिल पाएगा.
3. हिडेन फीस और कॉलेज का कुल बजट
कई बार मेडिकल कॉलेज में ट्यूशन फीस कम दिखती है. लेकिन हॉस्टल, लाइब्रेरी, एग्जाम फीस और मिसलेनियस चार्जेस के नाम पर बाद में तगड़ा झटका मिलता है. मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लेने से पहले 5 साल का पूरा फाइनेंशियल ब्रेकडाउन लिखित में जरूर मांग लें.
4. सीनियर स्टूडेंट्स से ग्राउंड फीडबैक
कॉलेज के ब्रोशर और वेबसाइट हमेशा बेस्ट ही दिखाते हैं. कॉलेज कैंपस के बाहर या सोशल मीडिया ग्रुप्स के जरिए वहां पढ़ रहे मौजूदा स्टूडेंट्स से संपर्क करें. उनसे हॉस्टल के खाने, फैकल्टी के पढ़ाने के तरीके और कॉलेज प्रशासन के रवैये के बारे में सच-सच पूछें.
5. फैकल्टी का अनुभव और प्रोफेसर की उपलब्धता
कॉलेज की दीवारों से ज्यादा जरूरी वहां पढ़ाने वाले प्रोफेसर्स हैं. क्या वहां परमानेंट और अनुभवी सीनियर डॉक्टर्स पढ़ाते हैं या सिर्फ जूनियर रेजिडेंट्स के भरोसे ही क्लासेज चल रही हैं? इस बात की जानकारी जरूर निकलवा लें.
6. नीट पीजी या नेक्स्ट (NExT) का पासिंग रिकॉर्ड
उस मेडिकल कॉलेज से पासआउट होने वाले स्टूडेंट्स का पीजी एंट्रेंस या नीट स्कोर कैसा रहा है? अगर कॉलेज के Alumni अच्छे स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल्स में सेटल्ड हैं तो समझ जाएं कि कॉलेज की एकेडमिक नींव बहुत मजबूत है.
7. हॉस्टल, मेस और कैंपस का माहौल
लड़के हों या लड़कियां, अगले 5.5 साल तक वही कैंपस उनका घर रहने वाला है. हॉस्टल के कमरे हवादार हैं या नहीं, पानी-बिजली की क्या स्थिति है और मेस का खाना खाने लायक है या नहीं, इन बेसिक सुविधाओं की अनदेखी बिल्कुल न करें.
8. बैंक लोन मिलने में आसानी
अच्छा और मान्यता प्राप्त कॉलेज वह होता है, जिसके नाम पर बैंक आसानी से एजुकेशन लोन पास कर देते हैं. अगर बैंक कॉलेज को फंड देने से कतरा रहे हैं तो समझ लीजिए कि कहीं न कहीं कोई झोल या लीगल लफड़ा जरूर है.
9. बॉन्ड पॉलिसी और Penalty के नियम
कई सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में रूरल सर्विस बॉन्ड या कोर्स बीच में छोड़ने पर भारी-भरकम पेनल्टी का नियम होता है. एडमिशन फॉर्म साइन करने से पहले इन बॉन्ड की शर्तों को किसी वकील या समझदार इंसान से एक बार जरूर पढ़वा लें.
10. लोकेशन, कनेक्टिविटी और इमरजेंसी सेफ्टी
कॉलेज ऐसी जगह पर तो नहीं है जहां से शहर 50 किलोमीटर दूर हो और इमरजेंसी में ट्रांसपोर्ट ही न मिले? इसके अलावा, कैंपस के अंदर और बाहर का सिक्योरिटी सिस्टम (खासकर महिला स्टूडेंट्स के लिए) कैसा है, यह पेरेंट्स को अपनी संतुष्टि के लिए जरूर देखना चाहिए.