Longest Elevated Corridor : जंगल के बीच बनेगा 87 किलोमीटर का एलिवेटेड कॉरिडोर, कार की खिड़की से दिखेंगे बाघ-भालू

Longest Elevated Corridor : जंगल के बीच बनेगा 87 किलोमीटर का एलिवेटेड कॉरिडोर, कार की खिड़की से दिखेंगे बाघ-भालू


Last Updated:

Dornala-Srisailam Corridor : देश में एक्सप्रेसवे और सड़कों का जाल बिछाने का काम बदस्तूर जारी है. इस कड़ी में केंद्र सरकार ने अब तक के सबसे मुश्किल प्रोजेक्ट का ऐलान कर दिया है. इस प्रोजेक्ट में 87 किलोमीटर की एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी, जो देश में सबसे बड़ी एलिवेटेड सड़क का रिकॉर्ड होगा. अभी सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बनाया गया है, जिसकी कुल लंबाई 12 किलोमीटर के आसपास है. लेकिन, अब जो नया प्रोजेक्ट शुरू किया जाने वाला है उसकी लंबाई इससे 7 गुना ज्यादा रहेगी.

देश का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच बनाया जाएगा. इस 4 लेन के कॉरिडोर को केंद्र सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल गई है. इस कॉरिडोर को आंध्र प्रदेश के डोरानाला से तेलंगाना के ब्राह्मणपल्ली से जोड़ा जाएगा. कॉरिडोर को आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम मंदिर के आसपास विकसित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं के लिए आवाजाही आसान हो सके. इस कॉरिडोर को पेद्दरावेदू-श्रीशैलम कॉरिडोर के नाम से जाना जाएगा.

अभी डोरनाला से ब्राह्मणपल्ली तक जाने के लिए करीब 270 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है. इसमें 6 घंटे से भी ज्यादा का समय लग जाता है. ऊपर से घने जंगलों के बीच से गुजरना खतरनाक भी रहता है. लेकिन, श्रीशैलम कॉरिडोर विकसित होने के बाद यह दूरी महज 87 किलोमीटर की रह जाएगी जिसे 1 घंटे में ही पूरा किया जा सकेगा. डोरनाला से ब्राह्मणपल्ली तक जाने के लिए अभी 2 टाइगर रिजर्व के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे जंगली जानवरों के सुकून में भी खलल पड़ता है, लेकिन कॉरिडोर बनने के बाद जंगल के ऊपर से ही गुजरने की सुविधा मिलेगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब श्रीशैलम की यात्रा की थी, तभी इस कॉरिडोर को बनाने पर विचार शुरू कर दिया गया था. इस पर करीब 18 हजार करोड़ की लागत का अनुमान है, जिसमें से केंद्र सरकार ने 12 हजार करोड़ रुपये को मंजूरी भी दे दी है. 87 किलोमीटर के कॉरिडोर का करीब 42 किलोमीटर हिस्सा आंध्र प्रदेश में बनाया जाएगा, जबकि 45 किलोमीटर हिस्सा तेलंगाना में विकसित किए जाने का प्लान है. इसके तैयार होने से क्षेत्रीय पर्यटन को को बढ़ावा मिलेगा ही, श्रीशैलम मंदिर और आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.

Add News18 as
Preferred Source on Google

डोरनाला से ब्राह्मणपल्ली का रास्ता अभी नल्लामला फॉरेस्ट से गुजरता है, जहां नागार्जुनसागर-श्रीशैलम टाइगर रिजर्व और अमराबाद टाइगर रिजर्व के बीच से जाना पड़ता है. यह रास्ता खतरनाक भी है और इसमें काफी समय भी लगता है. जंगली जानवरों को शांत माहौल उपलब्ध कराने के लिए रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक इस रास्ते को बंद भी कर दिया जाता है. इसकी वजह से आल टाइम कनेक्टिविटी भी नहीं मिल पाती है. यही वजह है कि सरकार ने जंगल के ऊपर से एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई है.

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इस योजना का जिम्मा लिया है. अभी त्योहारों के समय मौजूदा हाईवे पर काफी जाम लग जाता है, जिससे जंगली जानवरों के लिए भी परेशानी पैदा होती है. यही वजह है कि एलिवेटेड कॉरिडोर में बहुत ही कम एक्सेस प्वाइंट बनाए गए हैं, ताकि जमीन से वाहनों का गुजरना कम किया जा सके और जंगली जानवरों की आवाजाही बिलकुल भी डिस्टर्ब न हो. अभी जिस हाईवे से आवाजाही होती है, उस पर कई जगहों पर दुर्घटना की आशंका रहती है.

एनएचएआई ने दोनों राज्य सरकारों से प्रोजेक्ट को लेकर पूरी डिटेल मांगी है. इसके बाद काम शुरू किए जाने की तैयारी है. इस प्रोजेक्ट की सबसे मुश्किल चुनौती जंगल के बीच पिलर खड़े करने की है. कॉरीडोर को ऊंचे-ऊंचे पिलर पर खड़ा किया जाएगा, ताकि नीचे जंगली जानवरों को वाहनों की वजह से कोई दिक्कत न होने पाए. ऊपर से गुजरने वाले वाहनों में बैठकर आप नीचे घूम रहे जंगली जानवरों को भी देखा जा सकता है. कॉरिडोर से गुजरने वाले वाहनों से ही टाइगर रिजर्व के जंगली जानवरों का दर्शन भी किया जा सकेगा.

एनएचएआई का मानना है कि यह कॉरिडोर श्रीशैलम क्षेत्र में पर्यटन को काफी ग्रोथ देगा. सिर्फ मंदिर और आसपास के इलाकों में ही नहीं, बल्कि टाइगर रिजर्व और फॉरेस्ट एरिया के इकोसिस्टम को देखने वाले प्रकृति प्रेमियों की भी अच्छी-खासी संख्या बढ़ सकती है. इससे पूरे इलाके में इकनॉमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी. साथ दोनों राज्यों के बीच आवाजाही को भी आसान बनाया जा सकेगा. अभी राजमार्ग संख्या 565 और 765 पर काफी दबाव रहता है, लेकिन कॉरिडोर तैयार होने के बाद जाम से छुटकारा मिल सकेगा.



Source link