CJI Surya Kant Supreme Court News: ‘आप इस पद के लायक ही नहीं’ सीजेआई सूर्यकांत पर भड़क गया वकील, सुप्रीम कोर्ट की लाइव फीड करनी पड़ी बंद

CJI Surya Kant Supreme Court News: ‘आप इस पद के लायक ही नहीं’ सीजेआई सूर्यकांत पर भड़क गया वकील, सुप्रीम कोर्ट की लाइव फीड करनी पड़ी बंद


सुप्रीम कोर्ट के कोर्ट नंबर एक में सोमवार को अचानक से खूब गर्मागर्मी देखने को मिली. यहां एक वकील अपना आपा खो बैठे और गुस्से में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत (CJI Surya Kant) पर ही निजी टिप्पणी कर दी. तत्काल सुनवाई की मांग लेकर पहुंचे वकील ने सीजेआई की ईमानदारी पर सवाल उठाते हुए यहां तक कह दिया कि वह इस शीर्ष न्यायिक पद पर बैठने के योग्य नहीं हैं. वकील के इस तीखे हमले के बाद कोर्ट रूम की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो फीड बंद कर दिया गया. चश्मदीद वकीलों के मुताबिक, इसके बाद उस वकील को जबरन कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया गया.

कानूनी मामलों की रिपोर्टिंग करने वाली वेबसाइट लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरा विवाद उस मामले को लेकर शुरू हुआ, जिसे वकील ने पहले सीजेआई के सामने रखा था. सोमवार को सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के सामने पेश होकर वकील ने कहा कि उन्होंने 2 नवंबर को सीजेआई के ऑफिस में एक आवेदन दिया था, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला.

वकील ने दोपहर 2 बजे निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना मामले का जिक्र करने के लिए माफी भी मांगी. हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि मामला तत्काल सुनवाई के योग्य है और सीजेआई की बेंच से दस्तावेजों पर गौर करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, ‘यह मामला 2 नवंबर को जस्टिस सूर्यकांत को उनके कार्यालय में दिया गया था. 15 दिन बाद भी उन्होंने मुझे कोई जवाब नहीं दिया. इसलिए मैं इस अदालत के सामने आने के लिए मजबूर हूं.’

सीजेआई ने कहा- इंतजार कीजिए

वकील के इस तरह मामला उठाने पर जस्टिस वी. मोहना ने आपत्ति जताई. उन्होंने साफ कहा कि इस तरह किसी मामले का जिक्र नहीं किया जा सकता. इसके बावजूद वकील अपनी बात पर अड़े रहे और उन्होंने फिर से माफी मांगते हुए पीठ से कागजात देखने की अपील की.

इस पर सीजेआई सूर्यकांत ने उन्हें शांत रहने और इंतजार करने को कहा. उन्होंने कहा, ‘हम देखेंगे, आप बस इंतजार कीजिए.’ लेकिन वकील ने इंतजार करने से इनकार कर दिया. इसके बाद बहस ने अचानक निजी हमले का रूप ले लिया.

‘आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं’

वकील ने सीजेआई सूर्यकांत की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा. आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके योग्य नहीं हैं. आपमें उस पद के लिए ईमानदारी नहीं है.’

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बेहद अप्रत्याशित टिप्पणी के बाद कोर्ट रूम का माहौल तनावपूर्ण हो गया. कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो फीड बंद कर दिया गया. वहां मौजूद वकीलों ने बताया कि उस वकील को कोर्ट रूम से बाहर ले जाया गया.

बताया जा रहा है कि बाहर निकाले जाने के दौरान भी वकील ने अपना रुख नहीं बदला. उसने कहा कि बेंच में शामिल जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना के प्रति उसके मन में सम्मान है, लेकिन वह सीजेआई सूर्यकांत को इस पद के योग्य नहीं मानता.

इस घटना के दौरान कोर्ट रूम में मौजूद कुछ अन्य वकीलों ने भी सीजेआई से उस वकील के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया. बताया जा रहा है कि वह वकील पहले से ही अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले को लेकर नाराज था.



Source link