हिमाचल में सुक्खू सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र आज से, छह बैठकों में गूंजेंगे जनहित के मुद्दे, विधायकों ने पूछे 414 सवाल

हिमाचल में सुक्खू सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र आज से, छह बैठकों में गूंजेंगे जनहित के मुद्दे, विधायकों ने पूछे 414 सवाल


Last Updated:

Himachal Assembly Session: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से धर्मशाला के तपोवन में शुरू हो रहा है. सत्र में कुल छह बैठकें होंगी, जिसमें विकास और जनसमस्याओं पर चर्चा की संभावना है. सुक्खू सरकार का यह आखिरी शीतकालीन सत्र है. क्योंकि अगले साल नवंबर 2027 में हिमाचल में विधानसभा चुनाव होंगे.

Zoom

हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का तेहरवां सत्र 16 नवंबर यानी आज से शुरू हो रहा है.

धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का तेहरवां सत्र  16 नवंबर यानी आज से शुरू हो रहा है. धर्मशाला में तपोवन में आयोजित होने वाले इस शीतकालीन सत्र की शुरुआत दोपहर दो बजे होगी. सत्र में कुल छह बैठकें आयोजित की जाएंगी. इस दौरान प्रदेश के विकास, जनसमस्याओं और विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चर्चा होने की संभावना है.

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने बताया कि इस कैलेंडर वर्ष में बजट सत्र की 16, मानसून सत्र की 10 और शीतकालीन सत्र की छह बैठकों को मिलाकर विधानसभा की कुल 32 बैठकें पूरी हो जाएंगी. उन्होंने बताया कि सत्र के पहले दिन सदन में विधायक स्वर्गीय नंद लाल तथा पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे. वहीं, 19 नवंबर को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है.

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया किइस सत्र के लिए विधायकों की ओर से कुल 414 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं. इनमें 291 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं. सभी प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं, जिन्हें नियमानुसार आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भेज दिया गया है. इसके अतिरिक्त नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत तीन, नियम 101 के तहत तीन और नियम 130 के तहत नौ सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं. इन सूचनाओं को भी आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को प्रेषित किया गया है.

कुलदीप पठानिया ने बताया कि विधायकों की ओर से पूछे गए प्रश्नों में मुख्य रूप से सड़कों और पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), प्रदेश के महाविद्यालयों और स्कूलों का उन्नयन, स्वास्थ्य संस्थानों की स्थिति, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने, पर्यटन विकास, उद्यान क्षेत्र, पेयजल आपूर्ति और परिवहन व्यवस्था जैसे मुद्दे शामिल हैं. इसके अलावा युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर रोकथाम तथा बढ़ते आपराधिक मामलों से जुड़े सवाल भी विधायकों ने उठाए हैं. सदस्यों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्रश्नों के माध्यम से सदन में उठाने की तैयारी की है.

उन्होंने बताया कि सत्र के सुचारू संचालन और सार्थक चर्चा सुनिश्चित करने के लिए सत्र शुरू होने से पहले सोमवार सुबह 11 बजे सत्ता पक्ष और विपक्ष के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई गई है. इसमें संसदीय कार्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उपमुख्य सचेतक तथा भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे. विधानसभा अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से सदन की कार्यवाही के संचालन में रचनात्मक सहयोग देने की अपील की है, ताकि विधानसभा के बहुमूल्य समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और सार्थक चर्चा के लिए किया जा सके.



Source link