Last Updated:
Raipur: रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने फिल्म ‘रामायण: भाग एक’ के निर्माताओं, निर्देशक, लेखक और सेंसर बोर्ड को 15 दिन का कानूनी नोटिस भेजा है. उन्होंने आरोप लगाया है कि फिल्म में वाल्मीकि रामायण की मूल कथा से छेड़छाड़ कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले 17-18 सीन दिखाए गए हैं. विवादित दृश्यों को हटाने की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी है कि जवाब नहीं मिलने पर वे कोर्ट जाएंगे.
राहुल दुबे(रायपुर),
Ramayan Part 1 Controversy: फिल्म ‘रामायण: भाग एक’ को लेकर विवाद शुरू हो गया है. रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, लेखक और सेंसर बोर्ड को 15 दिन का कानूनी नोटिस भेजा है. अधिवक्ता का आरोप है कि फिल्म में वाल्मीकि रामायण की मूल कहानी को बदलकर दिखाया गया है. इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं. उन्होंने फिल्म के कुछ दृश्यों को हटाने की मांग की है. साथ ही भारत सरकार के CPGRAMS पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है.
रामायण की कहानी बदलने का आरोप
अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर के मुताबिक, फिल्म में रामायण की कई घटनाओं को मूल ग्रंथ से अलग तरीके से दिखाया गया है. उनका कहना है कि फिल्म में रावण को अच्छे रूप में दिखाने की कोशिश की गई है, जबकि माता सीता को एक योद्धा के रूप में दिखाया गया है. खर-दूषण के युद्ध में माता सीता और लक्ष्मण जी को लड़ते हुए दिखाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि वाल्मीकि रामायण में इस युद्ध में भगवान राम अकेले ही राक्षसों का वध करते हैं.
राम, सीता और रावण के किरदार पर सवाल
अधिवक्ता ने भगवान राम, माता सीता और रावण के किरदारों को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि फिल्म में भगवान राम को परेशान और चिंता में दिखाया गया है. वहीं, माता सीता को सम्मोहित होते हुए दिखाया गया है. इसके अलावा जटायु को अयोध्या में पहले से दिखाने और शूर्पणखा के रूप को मूल कहानी से अलग बताने पर भी आपत्ति जताई गई है.
17 से 18 दृश्यों पर जताई आपत्ति
मनोज सिंह ठाकुर का दावा है कि फिल्म में ऐसे 17 से 18 प्रसंग हैं, जो वाल्मीकि रामायण की कहानी से मेल नहीं खाते. इनमें राम और सीता के विवाह से जुड़े कुछ दृश्य भी शामिल हैं. उनका कहना है कि फिल्म में कई ऐसी बातें दिखाई गई हैं, जिनका उल्लेख मूल रामायण में नहीं मिलता.
15 दिन में जवाब नहीं तो जाएंगे कोर्ट
अधिवक्ता ने फिल्म के निर्माताओं और सेंसर बोर्ड को ईमेल के जरिए नोटिस भेजा है. उन्होंने मांग की है कि विवादित दृश्यों को हटाया जाए. उनका कहना है कि 15 दिन में उचित जवाब नहीं मिलने पर वे न्यायालय जाएंगे और फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग करेंगे.
फिलहाल, इस मामले में निर्माताओं का जवाब सामने आना बाकी है. अब देखना होगा कि इस कानूनी नोटिस के बाद फिल्म को लेकर क्या फैसला लिया जाता है.