Last Updated:
Bihar News: मुंबई में छठ पूजा को लेकर सियासी बयानबाजी के बीच पूर्व IPS अधिकारी शिवदीप लांडे की एक पोस्ट चर्चा में है. उन्होंने महाराष्ट्र में छठ पूजा करते हुए अपनी तस्वीर साझा की है. साथ ही बताया कि पिछले 18 साल से उन्हें इस महापर्व में शामिल होने का मौका मिल रहा है.
पूर्व आईपीएस शिवदीप लांडे ने छठ पर पोस्ट किया. (तस्वीर फेसबुक वॉल से ली गई.)
पटनाः बिहार और मराठी लोगों के बीच छठ पूजा को लेकर मुंबई में सियासत तेज है. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) और शिवसेना (UBT) के नेता छठ पूजा का विरोध कर रहे हैं. लेकिन इसी बीच पूर्व IPS अधिकारी शिवदीप लांडे की एक पोस्ट चर्चा में आ गई. उन्होंने छठ पूजा करते हुए अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की. साथ ही बताया है कि पिछले 18 साल से वह इस महापर्व का हिस्सा बन रहे हैं.
18 साल से मना रहे छठ
शिवदीप लांडे ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘आस्था के महापर्व छठ के संध्या में सूर्य देव को अर्घ्य देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. छठी मईया ने 18 वर्षों से मुझे यह मौका दिया है कि मैं इस महापर्व का साक्षी बनता आ रहा हूं. मेरी बस यही प्रार्थना है कि मईया सर्वदा बिहार को तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाती रहें.’
महाराष्ट्र में छठ पूजा का विरोध
लांडे की यह पोस्ट ऐसे समय में आई है, जब मुंबई में छठ पूजा को लेकर विवाद चल रहा है. मनसे के कुछ नेताओं ने मुंबई के समुद्र तटों पर छठ पूजा के बड़े आयोजनों का विरोध किया है. पार्टी की ओर से जुहू, वर्सोवा, मढ़ और गोराई बीच पर भी छठ पूजा पर रोक लगाने की मांग उठाई गई थी. मनसे नेताओं का कहना है कि समुद्र तटों पर पूजा से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है.
राज ठाकरे ने क्या कहा था?
विवाद उस समय और बढ़ गया, जब मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी छठ गीत बजाने को लेकर मनसे ने विरोध किया. पार्टी प्रमुख राज ठाकरे ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी छठ पूजा के बहाने मुंबई में मराठी और उत्तर भारतीय लोगों के बीच तनाव पैदा करना चाहती है. उन्होंने मराठी लोगों से राजनीतिक चाल में नहीं फंसने की अपील की. राज ठाकरे के बयान पर शिवसेना नेता संजय निरुपम ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि छठ पूजा हजारों साल पुरानी परंपरा है. इसे चुनावी राजनीति से जोड़ना गलत है. उन्होंने राज ठाकरे के रुख को छठ पूजा के खिलाफ बताया.