पापा वीरू संग धीरेंद्र शास्त्री की शरण में आर्यवीर, पाक को हराकर लिया आशीर्वाद
Last Updated:
Under-19 Asia Cup में भारत की शानदार जीत के बाद पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग अपने बेटों, आर्यवीर सहवाग और वेदांत सहवाग को मध्यप्रदेश के बागेश्वर धाम ले गए. छतरपुर स्थित इस धार्मिक स्थल पर आध्यात्मिक गुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनका स्वागत किया और पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी जीत हासिल करने वाले इन युवा क्रिकेटरों को आशीर्वाद दिया.
वीरेंद्र सहवाग अपने बेटों को लेकर बागेश्वर धाम सरकार की शरण में पहुंचे
नई दिल्ली: पाकिस्तान को फाइनल में हराते हुए भारत को अंडर-19 एशिया कप जिताने के बाद आर्यवीर सहवाग अपने पिता वीरेंद्र सहवाग के साथ धर्मगुरु धीरेंद्र शास्त्री से मिलने पहुंचे. इस दौरान वीरेंद्र सहवाग के छोटे बेटे यानी आर्यवीर के भाई वेदांत भी मौजूद थे. बागेश्वर धाम सरकार के ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) हैंडल से कुछ तीन तस्वीरें शेयर की गई है.
पारंपरिक स्वागत के तहत परिवार के सदस्यों को पीले धार्मिक दुपट्टे पहनाए गए, जिसके बाद आर्यवीर और वेदांत ने आध्यात्मिक गुरु के साथ बातचीत की. इन तस्वीरों के कैप्शन में लिखा है:
होनहार बिरवान के होत चिकने पात’ इसी कहावत को चरितार्थ किया है मुल्तान के सुल्तान नाम से विश्व प्रसिद्ध क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के सुपुत्र और भारतीय क्रिकेट के सितारे आर्यवीर सहवाग ने…एशियन कप 2026 में पाकिस्तान को धूल चटाने में अहम योगदान के लिए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बनने के पश्चात् पूज्य सरकार से आशीर्वाद लेने सपरिवार पहुंचे… पूज्य सरकार ने आर्यवीर सहवाग को जीवन पथ पर अडिग रहने और कर्तव्य शील बनने का आशीर्वाद दिया…इस अनुपम बेला पर क्रिकेट सितारे श्री वीरेंद्र सहवाग सपरिवार उपस्थित रहे…
वीरेंद्र सहवाग अपने बेटे को लेकर धीरेंद्र शास्त्री से मिलने पहुंचे
सीताराम के जाप ने दिलाई जीत
भारत की शानदार जीत के बाद जब आर्यवीर ने अपने पापा वीरेंद्र सहवाग को वीडियो कॉल किया तब उन्होंने बताया कि डगआउट में बैठकर वह सीताराम-सीताराम का जाप कर रहे थे. सहवाग ने खुद ये वीडियो शेयर किया था, जिसमें आर्यवीर कहते सुने जा सकते हैं वह काफी नर्वस थे, लेकिन भगवान पर भरोसा कायम था.
आर्यवीर सहवाग के नाम टूर्नामेंट 361 रन
टूर्नामेंट में विस्फोटक ओपनर आर्यवीर सहवाग ने पांच मैच में सबसे ज्यादा 361 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 90.25 रहा, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे. आर्यवीर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार मिला. 19 साल के आर्यवीर ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी अहम योगदान दिया और 61 गेंदों पर 58 रन बनाए, उनकी इस पारी की मदद से भारत ने 338 रनों के लक्ष्य को हासिल किया. यह एक रोमांचक मुकाबला था जो आखिरी गेंद तक चला.