Last Updated:
Amitabh Bachchan KBC 18: अमिताभ बच्चन ने ‘केबीसी 18’ के मंच पर अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे याद कर आज भी कोई हैरान रह जाए. नेपाल में फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ कुछ ऐसा हुआ था कि उनकी जान पर बन आई थी. बिग बी ने बताया कि उस वक्त उन्हें बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया था. नीचे पढ़ें पूरी खबर और जानें पूरा किस्सा.
जब शूटिंग के दौरान मौत के मुंह में पहुंच गए थे बिग बी (फोटो साभार-instagram@sonytvofficial)
नई दिल्ली: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसे सुनकर कोई भी हैरान रह जाएगा. एक फिल्म की शूटिंग के दौरान नेपाल में उनके साथ बड़ा हादसा हो गया था. अमिताभ कयाकिंग करने के लिए नाव में बैठे थे, लेकिन उन्हें इसे चलाने का सही तरीका नहीं पता था. इसी दौरान उनकी नाव पलट गई और वह पानी के अंदर फंस गए.
हैरानी की बात यह थी कि काफी देर तक उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया. अमिताभ ने यह पूरा किस्सा टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ में सुनाया.
नेपाल में पलट गई थी अमिताभ की नाव
शो में एक कंटेस्टेंट ने अमिताभ से कयाकिंग के अनुभव के बारे में पूछा. उसने बताया कि कयाकिंग करना काफी मुश्किल और जोखिम भरा होता है. इस पर बिग बी ने नेपाल में फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए हादसे को याद किया. उन्होंने बताया कि कयाकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली नाव काफी पतली होती है. उसमें बैठना भी आसान नहीं होता. खुद अमिताभ को नाव के अंदर बैठने में करीब आधे से पौने घंटे का समय लग गया था. अमिताभ ने बताया कि नाव चलाने के लिए एक चप्पू दिया जाता है और उसे सही दिशा में चलाना जरूरी होता है. नेपाल में शूटिंग के दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें कयाकिंग करने की सलाह दी थी. वह किसी तरह नाव में बैठ तो गए, लेकिन चप्पू चलाने का सही तरीका समझ नहीं पाए. उन्होंने नाव को जिस तरफ मोड़ना था, उसके उलट दिशा में चप्पू चला दिया. इसके बाद नाव पलट गई और वह पानी में गिर गए.
पानी में फंसे रहे बिग बी
अमिताभ ने बताया कि उन्हें पहले ही समझाया गया था कि नाव पलटने पर क्या करना चाहिए. ऐसी स्थिति में पानी के अंदर से हाथ ऊपर की तरफ मारने होते हैं, ताकि नाव सीधी हो सके. अगर ऐसा न हो पाए तो दोनों हाथ पानी में जोर-जोर से चलाने चाहिए, जिससे किनारे पर मौजूद लोगों को मदद की जरूरत का संकेत मिल सके. बिग बी ने बताया कि नाव पलटने के बाद उन्होंने बाहर निकलने की पूरी कोशिश की. वह लगातार पानी के अंदर हाथ चला रहे थे, लेकिन काफी देर तक कोई उन्हें बचाने नहीं आया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म की शूटिंग चल रही थी और फिल्म का हीरो ही डूब रहा था. कुछ देर बाद झरने के किनारे खड़े एक व्यक्ति की नजर उन पर पड़ी. उसने किसी तरह अमिताभ को पानी से बाहर निकाला. नाव से बाहर निकलना भी आसान नहीं था. इसके लिए तीन से चार लोगों की जरूरत पड़ती है.
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘इंटरस्टेलर’ की तारीफ
इसी एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने मशहूर हॉलीवुड निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन और उनकी फिल्म ‘इंटरस्टेलर’ की भी तारीफ की. शो में चेन्नई से आए एक कंटेस्टेंट ने बताया कि वह खगोलशास्त्री हैं और तारों व अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर काम करते हैं. उनकी बात सुनकर अमिताभ ने इंसानी जीवन, साहित्य और फिल्मों में तारों के महत्व पर चर्चा की.
बिग बी ने कहा कि तारों का हमारे जीवन में खास महत्व है. उन पर कई लेख और कविताएं लिखी गई हैं. आज के दौर में अंतरिक्ष और तारों को लेकर काफी चर्चा हो रही है और इस विषय पर अच्छी फिल्में भी बन रही हैं. इसके बाद उन्होंने ‘इंटरस्टेलर’ का जिक्र किया. अमिताभ के मुताबिक, फिल्म में ब्लैक होल और अंतरिक्ष यात्रा को जिस तरह दिखाया गया है, वह हैरान करने वाला है. उन्होंने कहा कि क्रिस्टोफर नोलन अपनी फिल्मों के लिए गहराई से रिसर्च करते हैं. ‘इंटरस्टेलर’ के लिए भी उन्होंने खगोल विज्ञान के वैज्ञानिकों की मदद ली थी.