जेल में कैद मंगल कोल ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड! 14 साल में कमाए 1.33 लाख, बिरसा मुंडा जयंती पर मिली रिहाई

जेल में कैद मंगल कोल ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड! 14 साल में कमाए 1.33 लाख, बिरसा मुंडा जयंती पर मिली रिहाई


सतना. ‘करीब 14 साल जेल में रहने के बाद 15 नवंबर को जब सतना केंद्रीय जेल का दरवाजा मेरे लिए खुला, तो मेरे मन में कई तरह के भाव थे. मैं मंगल कोल हूं और मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के असरार बंधा टोला का रहने वाला हूं. मैं आदिवासी समाज से हूं और बिरसा मुंडा जयंती यानी राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के दिन जेल से रिहा होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है. जेल में बिताए इतने सालों के दौरान मैंने कई तरह के काम किए और अपनी मेहनत से 1 लाख 33 हजार 159 रुपये कमाए. यह रकम जेल प्रशासन के रिकॉर्ड के मुताबिक अब तक किसी कैदी द्वारा जेल में रहकर कमाई गई सबसे ज्यादा राशि है. आज जब मैं जेल से बाहर निकला हूं, तो मेरे लिए यह सिर्फ रिहाई नहीं बल्कि जिंदगी को नए सिरे से शुरू करने का मौका है.’ ये कहना है सतना सेंट्रल जेल से बाहर निकलने वाले मंगल कोल का, जिसे बीते दिन जेल से रिहा किया गया.

मंगल कोल ने कहा, ‘मैं अक्टूबर 2012 में 302 के मामले में सतना केंद्रीय जेल आया था. शुरुआत में मैंने जेल की पाकशाला यानी रसोईघर में काम किया. वहां जिम्मेदारी से काम करते-करते जेल प्रशासन का भरोसा मुझपर बढ़ा और बाद में मुझे लंबरदार भी बना दिया गया. लंबरदार अच्छे आचरण वाले सजायाफ्ता कैदी होते हैं, जिन्हें जेल प्रशासन की मदद और अपनी बैरक में अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी दी जाती है. मेरी जिम्मेदारी में सुबह-शाम जेल प्रहरियों के साथ कैदियों की गिनती करवाना, बैरक की साफ-सफाई और रोजमर्रा के कामों पर नजर रखना शामिल था. इसके अलावा पाकशाला से आने वाले भोजन और दूसरे सामान को कैदियों तक सही तरीके से पहुंचाने की निगरानी भी करनी होती थी. नए आने वाले कैदियों को जेल के नियम समझाना और किसी कैदी के बीमार होने या आपस में विवाद होने पर जेल अधिकारियों को जानकारी देना भी इसी जिम्मेदारी का हिस्सा था.’

मेहनत से कमाए सबसे ज्यादा पैसे
उसने कहा, ‘जेल में मुझे जो भी काम मिला, उसे पूरी जिम्मेदारी से करने की कोशिश की. इसी मेहनत का नतीजा है कि जेल में रहते हुए मेरे खाते में 1 लाख 33 हजार 159 रुपये की राशि जमा हुई. जब मुझे बताया गया कि जेल के रिकॉर्ड में यह किसी कैदी की अब तक की सबसे ज्यादा मेहनताना राशि है, तो मुझे बहुत खुशी हुई. जेल में रहकर कमाई गई यह रकम मेरे लिए सिर्फ पैसे नहीं हैं बल्कि उन सालों की मेहनत की निशानी है. अब जब मैं बाहर आ गया हूं, तो इस पैसे को पाकर खुशी इसलिए भी है क्योंकि इतने लंबे समय बाद मैं अपने परिवार के साथ रह सकूंगा.’

रिहाई के समय क्या मिला?
मंगल ने आगे कहा, ’15 नवंबर 2026 को भगवान बिरसा मुंडा जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर राज्य शासन की ओर से घोषित माफी यानी परिहार का लाभ मिलने पर मुझे रिहा किया गया. कुल पांच आजीवन कारावास के कैदी रिहा हुए. इनमें दो मैहर जिले, दो पन्ना जिले और एक टीकमगढ़ जिले का रहने वाला है. जेल से बाहर आते समय मुझे जेल प्रशासन की ओर से श्रीफल, श्रीमद्भगवद्गीता, फलदार पौधा, लंच पैकेट, बंदी पारिश्रमिक पासबुक और रिहाई प्रमाण पत्र दिया गया. जेल प्रशासन ने हमें अपराध से दूर रहने, समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और आगे की जिंदगी सही रास्ते पर बिताने की शुभकामनाएं दीं.’

जेल अधीक्षक बोलीं- मंगल ने हर जिम्मेदारी बखूबी निभाई
जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने लोकल 18 से कहा कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में राज्य शासन की माफी का लाभ देकर केंद्रीय जेल सतना से पांच कैदियों को रिहा किया गया. इनमें दो मैहर, दो पन्ना और एक टीकमगढ़ जिले के हैं. उन्होंने बताया कि मंगल कोल आदिवासी कैदी था और उसने जेल में रहते हुए अच्छा आचरण रखा. उसे जो भी काम सौंपा गया, उसने उसे जिम्मेदारी से पूरा किया. इसी मेहनत और जिम्मेदारी के चलते उसने 1 लाख 33 हजार 159 रुपये कमाए, जो जेल के रिकॉर्ड में अब तक किसी कैदी की सर्वाधिक मेहनताना राशि है. उन्होंने बताया कि रिहा हुए कैदियों को बाहर निकलते समय फलदार पौधा और भगवद्गीता समेत कई उपहार दिए गए. बिरसा मुंडा जयंती पर दूसरी बार इस तरह कैदियों को रिहाई दी गई. पिछले साल भी इसी अवसर पर कैदियों को रिहा किया गया था.

‘पुरानी गलती दोबारा नहीं करूंगा’
मंगल कोल ने कहा, ‘जेल से बाहर आने के बाद मेरे मन में सबसे बड़ी खुशी यही है कि अब मैं अपने परिवार के साथ रह पाऊंगा. मुझे अपने किए पर पछतावा है और मैं यह बात साफतौर पर कहता हूं कि ऐसी गलती दोबारा कभी नहीं करूंगा. अभी मैंने यह तय नहीं किया है कि बाहर जाकर क्या काम करूंगा लेकिन जेल में रहते हुए जो अच्छे गुण और जिम्मेदारियां मैंने सीखी हैं, उन्हें अपनी जिंदगी में जरूर बनाए रखूंगा. करीब 14 साल बाद बाहर की दुनिया में लौटते हुए मेरा मकसद अब अपराध से दूर रहना, परिवार के साथ रहना और समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर सही रास्ते पर आगे बढ़ना है.’



Source link