Jaipur News: जयपुर में उद्यमियों के लिए AI कम्युनिटी शुरू, 11 देशों के बिजनेस नेटवर्क से जुड़ेंगे कारोबारी

Jaipur News: जयपुर में उद्यमियों के लिए AI कम्युनिटी शुरू, 11 देशों के बिजनेस नेटवर्क से जुड़ेंगे कारोबारी


जयपुर. राजस्थान के उद्यमियों को अब अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के बिजनेस नेटवर्क और अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन का अवसर राजस्थान में ही मिलेगा. इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 11 देशों में सक्रिय AI आधारित ‘प्राइवेट कम्युनिटी’ के राजस्थान चैप्टर की शुरुआत की गई है. इस पहल के जरिए प्रदेश के कारोबारी आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान और आधुनिक तकनीक की मदद से अपने बिजनेस को आगे बढ़ा सकेंगे. साथ ही उन्हें वैश्विक कारोबारी नेटवर्क से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर तलाशने का मौका भी मिलेगा.

जयपुर के एक स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम में कम्युनिटी के सह-संस्थापक और अंतरराष्ट्रीय बिजनेस ग्रोथ मेंटर मैक श्रीनिवासन ने राजस्थान चैप्टर की कार्यप्रणाली, इसके उद्देश्य और उद्यमियों को मिलने वाले फायदों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बदलते कारोबारी दौर में केवल उत्पाद या सेवा की गुणवत्ता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही समय पर सही निर्णय लेना, अनुभवी लोगों से सीखना और मजबूत नेटवर्क तैयार करना भी बिजनेस की तरक्की के लिए जरूरी है. इसी सोच के साथ इस प्राइवेट कम्युनिटी का मॉडल तैयार किया गया है.

भविष्य की रणनीति तैयार करने में मिलेगी मदद

कम्युनिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के साथ अनुभवी उद्यमियों के ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव को भी महत्व दिया जाएगा. इसका उद्देश्य कारोबारियों को ऐसे लोगों के विचारों और नजरिए से परिचित कराना है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता हासिल की है. इससे उद्यमियों को बिजनेस से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लेने, समस्याओं का समाधान तलाशने और भविष्य की रणनीति तैयार करने में मदद मिल सकेगी.

बिल्डर्स से लेकर ज्वेलर्स तक को जोड़ने की तैयारी

राजस्थान चैप्टर में अलग-अलग कारोबारी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने पर जोर दिया जाएगा. इसमें बिल्डर्स, आर्किटेक्ट्स, डॉक्टर्स, अस्पताल संचालक, होटल व्यवसायी, ज्वेलर्स, उद्योगपति और अन्य प्रमुख व्यवसायों से जुड़े लोगों को शामिल किया जाएगा. अलग-अलग क्षेत्रों के उद्यमियों के एक साथ आने से नए कारोबारी संबंध विकसित होंगे और आपसी सहयोग के जरिए बिजनेस विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी.

अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय के साथ जुड़ने का मिलेगा अवसर

प्रदेश में इस कम्युनिटी की जिम्मेदारी रीजनल प्रेसिडेंट दिव्य अग्रवाल, आर्किटेक्ट प्रियंक गुप्ता, पीयूष गुप्ता और दर्शन कोठारी संभाल रहे हैं. आयोजकों के मुताबिक, राजस्थान के उद्यमियों को केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय के साथ जुड़ने का अवसर देना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है. इससे प्रदेश के कारोबारियों को नए बाजारों, बिजनेस मॉडल और वैश्विक स्तर पर काम करने के तरीकों की जानकारी मिल सकेगी.



Source link