Chhath Puja 2026 School Holiday: 16 नवंबर को छठ पूजा पर बच्चों की बल्ले-बल्ले, बिहार-झारखंड से लेकर दिल्ली-यूपी तक बंद रहेंगे स्कूल

Chhath Puja 2026 School Holiday: 16 नवंबर को छठ पूजा पर बच्चों की बल्ले-बल्ले, बिहार-झारखंड से लेकर दिल्ली-यूपी तक बंद रहेंगे स्कूल


नई दिल्ली (Chhath Puja 2026 School Holiday). लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पूरे देश में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. 13 नवंबर से शुरू हुआ यह चार दिवसीय महापर्व 16 नवंबर यानी कल, सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा. इस पावन अवसर पर घर-परिवार में पूजा की तैयारियों के बीच ज्यादातर बच्चों और अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर स्कूल कितने दिन बंद रहेंगे?

छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए बिहार, झारखंड, दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान किया गया है. हालांकि, हर राज्य और जिले में छुट्टियों का गणित अलग-अलग है. कहीं बच्चों को 11 दिनों की लंबी मौज मिली है तो कहीं स्थानीय प्रशासन के आदेश पर एक-दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है. अगर आप कल यानी 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को स्कूल की छुट्टी को लेकर कंफ्यूजन में हैं तो जानिए कहां स्कूल खुलेंगे और कहां बंद रहेंगे.

कल छठ पूजा की छुट्टी कहां-कहां है?

छठ महापर्व मुख्य तौर पर बिहार और झारखंड में मनाया जाता है. हालांकि अब दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भी छठ पूजा की धूम देखी है. इसी को ध्यान में रखते हुए अब छठ पूजा की छुट्टी सिर्फ बिहार या झारखंड तक सीमित नहीं है. जानिए कल कहां-कहां स्कूल बंद रहेंगे.

बिहार: बच्चों को मिली सबसे लंबी 11 दिनों की छुट्टी

छठ पर्व का सबसे ज्यादा उत्साह बिहार में देखने को मिलता है. इसलिए यहां के स्कूली बच्चों की सबसे ज्यादा मौज है. राज्य शिक्षा विभाग के कैलेंडर के मुताबिक, दिवाली से लेकर छठ पूजा तक यानी 7 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक स्कूल बंद रखे गए हैं. राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूल 18 नवंबर से खुलेंगे.

झारखंड: 17 नवंबर तक लटके रहेंगे स्कूलों के ताले

झारखंड में भी छठ महापर्व के चलते 15 से 17 नवंबर 2026 तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. कई जिलों में 14 नवंबर से ही छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं. यहां भी बच्चे 17 नवंबर तक त्योहार का आनंद ले सकेंगे और सामान्य रूप से स्कूल 18 नवंबर से खुलेंगे.

दिल्ली-NCR: रविवार के साथ मिला ‘डबल धमाका’

राजधानी दिल्ली में सरकार ने 16 नवंबर (सोमवार) को छठ पूजा के मौके पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. 15 नवंबर को रविवार है. इसलिए दिल्ली के बच्चों को लगातार दो दिन (15 और 16 नवंबर) की छुट्टी मिल गई है. हालांकि, एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) के निजी स्कूलों में छुट्टी को लेकर स्कूल मैनेजमेंट के अपने नियम लागू हो सकते हैं.

उत्तर प्रदेश: पूरे राज्य में छुट्टी नहीं, इन जिलों में डीएम का आदेश

यूपी में छठ पूजा पर राज्यव्यापी छुट्टी के बजाय जिलाधिकारियों (DM) को स्थानीय अवकाश घोषित करने का अधिकार दिया गया है.

  • कानपुर नगर और वाराणसी: इन दोनों जिलों के डीएम ने 16 नवंबर 2026 को स्थानीय और सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. इसके चलते सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे.
  • पूर्वांचल के जिले: गोरखपुर, गाजीपुर, कुशीनगर, बलिया और प्रयागराज में भी स्थानीय प्रशासन के आदेश पर प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के स्कूल 16 नवंबर को बंद रहेंगे.

नोट कर लें काम की बात

पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में छठ और जगद्धात्री पूजा के कारण स्थानीय छुट्टी हो सकती है. वहीं, राजस्थान, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के राज्यों में स्कूल सामान्य दिनों की तरह खुलेंगे. हालांकि कई निजी स्कूल अपने स्तर पर फैसला लेते हैं. इसलिए सुबह बच्चों को स्कूल भेजने से पहले स्कूल का WhatsApp ग्रुप या आधिकारिक नोटिस एक बार जरूर चेक कर लें.



Source link