Chhath Puja: शिव की नगरी काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 84 घाटों पर लाखों व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, दिखा मिनी बिहार जैसा नजारा

Chhath Puja: शिव की नगरी काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 84 घाटों पर लाखों व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, दिखा मिनी बिहार जैसा नजारा


Last Updated:

Varanasi Chhath Puja: शिव की नगरी काशी आज लोक आस्था के महापर्व छठ के रंग में पूरी तरह रंगी नजर आई. शाम ढलते ही वाराणसी के 84 घाटों पर आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरी काशी ‘मिनी बिहार’ में तब्दील हो गई. अस्सी से लेकर दशाश्वमेघ तक, घाटों की सीढ़ियों पर तिल रखने की भी जगह नहीं बची और छठी मईया के पारंपरिक गीतों के बीच लाखों व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया.

Varanasi Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा शिव की नगरी काशी में देखने को मिली. वाराणसी के 84 घाटों पर आज लाखों व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया. मढ़ी, घाटों की सीढ़ियों सहित सभी जगह पूरी तरह व्रती महिलाओं से भरी रहीं. इस नज़ारे ने काशी में मिनी बिहार का अहसास कराया. काशी के घाटों के अलावा सूर्य सरोवर सहित शहर के अलग-अलग कुंड, तालाब और वरुणा किनारे भी भक्तों की खासी भीड़ रही. कभी काशी में काशी राज परिवार द्वारा इस पूजा को किया जाता था, लेकिन अब लोक आस्था के इस पर्व पर भारी भीड़ घाटों पर दिखती है.

घाटों पर गूंजे छठी मईया के गीत
दोपहर 1 बजने के साथ ही अलग-अलग घाटों पर व्रती महिलाओं के पहुंचने का दौर शुरू हो गया. शाम 4 बजे तक अस्सी, केदार घाट, दशाश्वमेघ सहित अन्य सभी घाट व्रती महिलाओं से हाउसफुल हो गए. इस दौरान ‘जय छठी मईया’ के गीत भी गूंजने लगे. व्रती महिलाओं ने भी हाथ जोड़कर छठी मईया से संतान की दीर्घायु व उन्नति की कामना के साथ ही परिवार की सलामती और सुख-समृद्धि की कामना की. बताते चलें कि आज छठ महापर्व का तीसरा दिन है. कल यानी सोमवार को व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देकर इस कठिन व्रत का समापन करेंगी.

2 दशक से व्रत कर रहीं व्रती महिलाएं
घाट पर पूजा करने आईं पूनम राय ने बताया कि वह करीब 2 दशक से लगातार इस कठिन व्रत को करती चली आ रही हैं. इस व्रत के प्रभाव से उन्हें बहुत कुछ मिला है. छठी मईया ने उनकी सारी मनोकामनाएं भी पूरी की हैं. वहीं सुनीता ने बताया कि छठ का व्रत सबसे कठिन व्रतों में से एक है. इसमें 36 घंटे तक लगातार महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं. यह पूजा प्रकृति की पूजा है.

पूरी रात व्रती महिलाओं से भरे रहेंगे घाट
आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद कई व्रती महिलाएं पूरी रात काशी के घाटों पर ही रहेंगी. कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद वह वापस लौटेंगी.

ढोल नगाड़े के साथ पहुंचे लोग
ढोल नगाड़े की थाप के बीच लोग सूप, ईख और दौरा लेकर घाटों पर पहुंचे. वहीं कुछ महिलाओं ने दंडवत करते हुए भी काशी के घाटों का सफर किया. बताते चलें कि काशी के घाटों के अलावा लोग छतों पर कृत्रिम तालाब बनाकर भी पूजा-अर्चना करते नजर आए.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
वाराणसी के घाटों पर जहां एक ओर भारी भीड़ रही, तो दूसरी तरफ सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम भी दिखे. एसीपी (ACP) भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि इस बार घाट पर एंट्री और एग्जिट पॉइंट को भी बढ़ाया गया है, ताकि किसी तरह की कोई समस्या न हो.



Source link