Last Updated:
कमल हासन ने हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म संदियार के टाइटल का अनाउंसमेंट किया था. संदियार नाम पर विवाद हो रहा है. 23 साल पहले भी कमल हासन इसी नाम से फिल्म में नजर आने वाले थे लेकिन बवाल के बीच एक्टर को नाम बदलना पड़ा था. अब संदियार नाम पर एक बार फिर राजनीतिक पार्टी ने आपत्ति जताई है.
कमल हासन की फिल्म के टाइटल पर विवाद हो रहा है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. कमल हासन की अपकमिंग फिल्म के नाम पर बवाल मच गया है. कमल हासन ने हाल ही में अपनी फिल्म ‘संदियार’ के टाइटल का ऐलान किया है. 23 साल पहले भी सुपरस्टार ने इसी नाम से फिल्म का ऐलान किया था जिसपर उस वक्त भी काफी बवाल मचा था. अब एक बार फिर संदियार नाम पर राजनीतिक घमासान हो रहा है. तो चलिए आपको बताते हैं कि ये पूरा मामला क्या है.
एक्टर कमल हासन ने हाल ही में अपनी फिल्म का ऐलान किया था. इस फिल्म के निर्देशक एसयू अरुण कुमार हैं. इसके टाइटल का ऐलान होते ही विवाद शुरू हो गया. पुथिया तमिलगम पार्टी के नेता कृष्णासामी ने फिल्म के नाम पर आपत्ति जताई है. दो दशक बाद भी इसी नाम पर विवाद हो रहा है. खास बात है कि 23 साल पहले भी फिल्म के नाम पर विवाद था जिसमें कमल हासन ही थे. दो दशक पहले फिल्म के नाम पर इतना विवाद हुआ था कि कमल हासन को इसका नाम भी बदलना पड़ा. आखिरकार इसका नाम बदलकर ‘विरुमांडी’ रखा गया था.
‘संदियार’ टाइटल पर विवाद
अब कमल हासन की फिल्म संदियार पर विवाद हो रहा है. कृष्णासामी की आपत्ति के बाद फिल्म के टाइटल को लेकर सवाल उठने लगे हैं. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार मेकर्स अपने फैसले पर कायम रहते हैं या फिर उन्हें कोई दूसरा रास्ता अपनाना पड़ता है. ईटाइम्स में प्रकाशित स्टोरी के मुताबिक इस पूरे विवाद के बीच तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल के अध्यक्ष तमिल कुमारन ने फिल्म के नाम को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट किया है.
प्रोड्यूसर ने टाइटल पर तोड़ी चुप्पी
नक्कीरन की रिपोर्ट के मुताबिक, पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि कमल हासन की टीम ने इस टाइटल के लिए काउंसिल से संपर्क किया था. उपलब्धता की जांच करने के बाद उन्हें यह नाम दे दिया गया.
इस बारे में उन्होंने कहा कि अगर कोई टाइटल काउंसिल के साथ रेजिस्टर किया जाता है तो 10 साल तक उनके पास उस टाइटल का मालिकाना हक होता है. अगर वो प्रोड्यूसर परमिशन दे तो कोई भी उस टाइटल का इस्तेमाल कर सकता है. संदियार नाम से 13 साल पहले भी फिल्म बनाई गई थी. वो कहते हैं कि कमल हासन की टीम ने उन्हें टाइटल के लिए अप्रोच किया था और उन्होंने टाइटल दे दिया और अब वो अगली मीटिंग में इस बारे में विस्तार से बात करेंगे.