1976 में बना सोहना का सरकारी अस्पताल आज भी सीवर कनेक्शन को तरसा, सरकारी बजट से हर 10वें दिन बुलाने पड़ते हैं टैंकर

1976 में बना सोहना का सरकारी अस्पताल आज भी सीवर कनेक्शन को तरसा, सरकारी बजट से हर 10वें दिन बुलाने पड़ते हैं टैंकर


Last Updated:

Sohna News: गुरुग्राम के सोहना स्थित नागरिक अस्पताल की स्थापना के 50 साल बीत जाने के बावजूद यह अस्पताल आज तक मुख्य सीवर लाइन से नहीं जुड़ पाया है. आलम यह है कि अस्पताल का सारा गंदा पानी परिसर के ही तीन गड्ढों में जमा होता है, जिसे खाली करने के लिए हर दसवें दिन सरकारी बजट से सीवर टैंकर बुलाने पड़ते हैं. रोजाना 700 मरीजों की भीड़ वाले इस अस्पताल में गंदगी का यह आलम संक्रमण को खुली दावत दे रहा है.

Zoom

Sohna News: सोहना के नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. हैरानी की बात यह है कि अस्पताल की स्थापना के करीब 50 साल बीत जाने के बावजूद आज तक अस्पताल की सीवर व्यवस्था को मुख्य सीवर लाइन से नहीं जोड़ा जा सका है. नतीजतन अस्पताल का गंदा पानी मुख्य सीवर लाइन में जाने के बजाय अस्पताल परिसर में ही बनाए गए तीन गड्ढों में इकट्ठा किया जा रहा है.

हर दसवें दिन टैंकर पर खर्च हो रहा सरकारी बजट
व्यवस्था की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इन गड्ढों को खाली कराने के लिए हर दसवें दिन सीवर टैंकर बुलाना पड़ता है. टैंकर के माध्यम से गंदे पानी को निकलवाने पर होने वाला खर्च स्वास्थ्य विभाग को सरकारी बजट से उठाना पड़ रहा है. यानी जिस समस्या का स्थायी समाधान वर्षों पहले हो जाना चाहिए था, उस पर सरकारी धन लगातार खर्च किया जा रहा है.

रोजाना 700 मरीजों पर मंडरा रहा संक्रमण का खतरा
सबसे गंभीर पहलू यह है कि अस्पताल में प्रतिदिन करीब 600 से 700 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में सीवर व्यवस्था की बदहाली और गंदे पानी के ओवरफ्लो होने की स्थिति मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों के लिए संक्रमण का खतरा पैदा कर सकती है. अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर स्वच्छता और सफाई की ऐसी स्थिति स्वास्थ्य व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर रही है.

फाइलों में उलझा समाधान, टैंकरों के सहारे व्यवस्था
नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. रणविजय सिंह द्वारा इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई बार संबंधित विभाग को फाइलें तैयार करके भेजी जा चुकी हैं. इसके बावजूद आज तक मुख्य सीवर लाइन से अस्पताल का कनेक्शन जोड़ने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है. नतीजतन अस्पताल प्रशासन वर्षों से टैंकरों के सहारे सीवर व्यवस्था चलाने को मजबूर है.

1976 में हुआ था उद्घाटन, 5 दशक बाद भी स्थिति जस की तस
गौरतलब है कि सोहना के नागरिक अस्पताल के भवन का उद्घाटन 22 मार्च 1976 को तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता ने किया था. करीब पांच दशक का समय गुजर जाने के बाद भी अस्पताल की सीवर व्यवस्था का मुख्य लाइन से नहीं जुड़ पाना व्यवस्था के आधुनिकीकरण और विभागीय समन्वय पर बड़ा सवाल है.

कब टूटेगी विभाग की नींद, कब मिलेगा स्थायी समाधान?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक सरकारी खजाने से टैंकरों पर पैसा खर्च होता रहेगा? मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का दावा करने वाले विभाग अस्पताल की बुनियादी सीवर व्यवस्था तक दुरुस्त क्यों नहीं कर पाए? क्या किसी बड़े हादसे या संक्रमण फैलने के बाद ही संबंधित विभाग की नींद टूटेगी? स्थानीय स्तर पर इस मामले में स्थायी समाधान की मांग उठ रही है. जरूरत है कि संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए नागरिक अस्पताल को मुख्य सीवर लाइन से जोड़े, ताकि सरकारी धन की लगातार हो रही खपत पर रोक लगे और मरीजों को स्वच्छ एवं सुरक्षित अस्पताल परिसर मिल सके.



Source link