₹1200 kg में बिकती ये देसी बड़ी! बालोद की 13 महिलाओं ने घर बैठे खड़ा किया लाखों का कारोबार, जानिए Success Story

₹1200 kg में बिकती ये देसी बड़ी! बालोद की 13 महिलाओं ने घर बैठे खड़ा किया लाखों का कारोबार, जानिए Success Story


Last Updated:

Women Success Story: बालोद जिले के प्राची स्व सहायता समूह की 13 महिलाओं ने देसी बड़ी और चकली बनाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है. वर्ष 2019 से शुरू इस काम से महिलाएं सालाना 8 लाख रुपये से ज्यादा कमा रही हैं. इकनी बनाई बड़ी 1200 रुपये किलो तक बिकती है. जानें सफलता की कहानी…

Balod News: कभी घर की चारदीवारी में रहकर सिर्फ परिवार के लिए खाना बनाने वाली महिलाएं आज अपनी मेहनत और हुनर से बिजनेस वुमन बन गई हैं. छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खान-पान को कारोबार का रूप देकर बालोद जिले के प्राची स्व सहायता समूह की 13 महिलाएं सालाना 8 लाख रुपये से अधिक की कमाई कर रही हैं. इन महिलाओं ने देसी बड़ी, चकली और पारंपरिक मिठाइयों को अपनी आजीविका का जरिया बनाया है.

समूह की सक्रिय सदस्य सोहद्रा चंद्राकर ने बताया कि वे वर्ष 2019 से देसी खाद्य सामग्री बनाने का काम कर रही हैं. समूह की महिलाएं छोटी बड़ी, चनौरी बड़ी, रखिया बड़ी, अदौरी बड़ी, लेड़गा बड़ी, फुला बड़ी, चकली, अरसा, पीडिया और छिटहां लड्डू जैसे कई पारंपरिक व्यंजन तैयार करती हैं. खास बात ये कि उनके उत्पादों में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक स्वाद की झलक देखने को मिलती है.

सोहद्रा चंद्राकर ने बताया कि वे जिमीकांदा के डाल से पोंगा बड़ी, कद्दू की बड़ी और उड़द दाल से चनौरी बड़ी तैयार करती हैं. इन देसी उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है. यही वजह है कि महिलाएं अलग-अलग तरह की बड़ी बनाकर ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं.

1200 रुपये किलो तक बिकती पोंगा बड़ी
समूह की महिलाओं के बनाए उत्पादों की कीमत भी उनकी खासियत के अनुसार तय होती है. रखिया बड़ी 500 रुपये प्रति किलो, पोंगा बड़ी 1200 रुपये प्रति किलो और चनौरी बड़ी 400 रुपये प्रति किलो की दर से बिकती है. महिलाएं ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में स्टॉल लगाती हैं. इसके अलावा घर बैठे भी ग्राहकों को सामान बेचती हैं.

13 महिलाओं की मेहनत ने बदली आर्थिक स्थिति
वर्ष 2019 में शुरू हुआ यह काम आज 13 महिलाओं की आजीविका का मजबूत साधन बन चुका है. समूह की महिलाएं मिलकर सालाना 8 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं. कभी घरेलू कामकाज तक सीमित रहने वाली ये महिलाएं आज खुद उत्पाद तैयार करने से लेकर उनकी बिक्री तक की जिम्मेदारी संभाल रही हैं.

इन महिलाओं की सफलता बताती है कि यदि हुनर को सही दिशा और मेहनत को अवसर मिल जाए तो घर की रसोई भी रोजगार का बड़ा माध्यम बन सकती है. प्राची स्व सहायता समूह की महिलाओं ने साबित कर दिया है कि आत्मनिर्भर बनने के लिए बड़े कारोबार की नहीं, बल्कि एक मजबूत सोच और शुरुआत करने के हौसले की जरूरत होती है.



Source link