Last Updated:
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के राजनीति से रिटायर होने की अटकलों पर अब खुद उन्होंने विराम लगा दिया है. नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गडकरी ने साफ कहा कि वह रिटायर नहीं हो रहे हैं. उन्होंने मीडिया की खबरों को गलत बताते हुए कहा कि युवाओं को आगे लाने की बात को उनके संन्यास से जोड़ दिया गया. दरअसल काटोल में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि अब वह पहले जितना काम नहीं कर पाते और नई पीढ़ी को अवसर मिलने चाहिए. गडकरी ने स्पष्ट किया कि उनका इशारा अनुभव अगली पीढ़ी तक पहुंचाने से था.
नितिन गडकरी ने राजनीति से रिटायरमेंट की खबरों को गलत बताया है. (फाइल फोटो)
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी राजनीति से संन्यास लेने जा रहे हैं? क्या वह केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी विदाई की तैयारी में हैं? पिछले कुछ दिनों से उनके एक बयान को लेकर ऐसी ही चर्चाएं चल रही थीं. किसी ने इसे सक्रिय राजनीति छोड़ने का संकेत बताया तो किसी ने इसे संभावित कैबिनेट फेरबदल से जोड़ दिया. लेकिन अब खुद गडकरी ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है. नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि वह रिटायर नहीं हो रहे हैं. उन्होंने मीडिया में आई खबरों को गलत बताया और मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने युवाओं को आगे लाने की बात कही थी लेकिन इसे उनके रिटायरमेंट की खबर बना दिया गया. गडकरी के इस बयान के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल ब्रेक लग गया है.
दरअसल यह पूरा मामला नागपुर जिले के काटोल में आयोजित एक कार्यक्रम से शुरू हुआ था. लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के इस कार्यक्रम में गडकरी ने अपने सार्वजनिक जीवन के करीब तीन दशक के अनुभव और कोविड के बाद बदली सेहत का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि अब वह पहले जितना काम नहीं कर पाते और नई पीढ़ी को भी अवसर मिलने चाहिए. उनके इस बयान को राजनीति से विदाई के संकेत के तौर पर देखा जाने लगा. शनिवार को नागपुर में 17वें एग्रोविजन कृषि प्रदर्शनी के ऐलान के दौरान गडकरी ने इस पर सफाई दी. उन्होंने बताया कि उनका इशारा पीढ़ी दर पीढ़ी अनुभव और जिम्मेदारी सौंपने की तरफ था. इसका मतलब राजनीति छोड़ना बिल्कुल नहीं था.
गडकरी ने बताया कि लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट और एग्रोविजन जैसे प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को तैयार करना जरूरी है. उन्होंने ट्रस्ट के काम का जिक्र करते हुए कहा कि इससे करीब 40 हजार आदिवासी छात्र जुड़े हैं और 1,600 शिक्षक उनके साथ काम कर रहे हैं. यह संस्था पिछले 25 सालों से काम कर रही है. गडकरी ने कहा कि वह खुद भी पिछले 26 सालों से जल संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गडकरी ने विदर्भ में पानी की समस्या का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि हर जिले में जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं. 17वें एग्रोविजन कृषि प्रदर्शनी में महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों में जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने की सफल कहानियां किसानों के सामने रखी जाएंगी. किसान इन प्रयोगों को अपने खेतों और गांवों में भी अपना सकेंगे.
गडकरी ने सुझाव दिया कि मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड (MOIL) और वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) की खदानों में जमा पानी का इस्तेमाल खेती के लिए किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि खदानों की खुदाई के बाद वहां पानी जमा हो जाता है. इसे सोलर पंप लगाकर किसानों तक पहुंचाया जा सकता है.
उन्होंने महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से कहा कि दिसंबर में वीएनआईटी में होने वाले सम्मेलन में MOIL और WCL के प्रतिनिधियों को भी बुलाया जाए. वहां इस योजना पर चर्चा हो सकती है. गडकरी ने विदर्भ की 6,500 मालगुजारी झीलों को गहरा करने और बांधों से गाद निकालने का सुझाव भी दिया. उनके मुताबिक इससे पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और सिंचाई का दायरा फैलाने में मदद मिलेगी.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login